दिल्ली-सड़क पर खुदे गड्ढे में गिरकर बाइक सवार की मौत : जल बोर्ड ने खोदा था गड्ढा, 3 इंजीनियर सस्पेंड

दिल्ली-सड़क पर खुदे गड्ढे में गिरकर बाइक सवार की मौत : जल बोर्ड ने खोदा था गड्ढा, 3 इंजीनियर सस्पेंड

देश/प्रदेश नई दिल्ली राष्ट्रीय

एजेंसी, नई दिल्ली। वेस्ट दिल्ली के जनकपुरी इलाके में दिल्ली जल बोर्ड की कंस्ट्रक्शन साइट पर खोदे गए 15 फीट गहरे गड्ढे में गिरने से एक मोटरसाइकिल सवार की मौत हो गई। हादसा गुरुवार देर रात को हुआ। मृतक की पहचान कैलाशपुरी निवासी कमल भयानी (25) के रूप में हुई है, जो एक प्राइवेट बैंक के कॉल सेंटर में काम करता था।
सुबह करीब 8 बजे पीसीआर कॉल मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची।

पुलिस के मुताबिक गड्ढा डीजेबी ने कंस्ट्रक्शन के लिए खोदा था और सड़क कुछ दिनों से बंद थी। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। कैबिनेट मंत्री परवेश साहिब सिंह वर्मा ने कहा कि दिल्ली जल बोर्ड के तीन अधिकारियों को सस्पेंड किया गया है। इनमें एग्जीक्यूटिव इंजीनियर, असिस्टेंट इंजीनियर और जूनियर इंजीनियर शामिल हैं। साथ ही प्रोजेक्ट कंपनी पर कार्रवाई होगी और डीजेबी पीड़ित परिवार को मुआवजा देगा।

परिवार बोला- 7-8 पुलिस स्टेशन गए लेकिन मदद नहीं की
मृतक के जुड़वां भाई करण ने बताया- हम तीन भाई हैं और हम दोनों जुड़वां हैं। हम कल रात से उसे ढूंढ रहे थे, अलग-अलग इलाकों में घूम रहे थे। हम 7-8 पुलिस स्टेशन गए, लेकिन किसी ने हमारी मदद नहीं की और शिकायत भी दर्ज नहीं की।

करण ने कहा-
सुबह मैंने उसको फोन किया तो पुलिस ने फोन उठाकर हमें बताया कि वह मरा हुआ मिला है। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने कमल की बॉडी और मोटरसाइकिल को गड्ढे में पड़ा देखा।
कमल के दोस्त मयंक ने कहा कि कमल से आखिरी बात रात 11.30 बजे हुई थी। उसने कहा था कि वह डिस्ट्रिक्ट सेंटर के पास है और 15 मिनट में घर पहुंच जाएगा। आधे घंटे तक न आने पर परिजन उसे खोजने निकले और जनकपुरी पुलिस स्टेशन भी पहुंचे। पुलिस ने फोन ट्रेस किया लेकिन जो लोकेशन मिली वहां पर कमल नहीं था। मयंक ने आरोप लगाया कि पुलिस ने रात में शिकायत दर्ज करने या खोज शुरू करने से इनकार कर दिया। पुलिस ने कहा कि हमारी शिकायत सुबह 11 बजे से पहले दर्ज नहीं की जाएगी। अगर समय पर तलाश होती तो जान बच सकती थी। मयंक ने आशंका जताई कि कमल की हत्या कर शव गड्ढे में फेंका गया।

ये भी पढ़े : मिलान कॉर्टिना शीतकालीन ओलंपिक 2026 से पहले अभिनव बिंद्रा को मिला सम्मान : ओलंपिक मशाल थामकर बोले-गौरवान्वित हूं….

मंत्री आशीष सूद बोले- लापरवाही पर बख्शा नहीं जाएगा
दिल्ली के मंत्री आशीष सूद ने कहा, मुझे इस दुखद घटना की जानकारी सुबह करीब 8:30-9:00 बजे मिली, और मैं तब से मौके पर ही हूं। यह बहुत दुखद घटना है जिसमें एक जवान आदमी की असमय मौत हो गई। अब तक मिली जानकारी के आधार पर, सभी ज़रूरी सावधानियां बरतने और जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। अगर किसी की तरफ से कोई लापरवाही पाई जाती है, तो उसे बख्शा नहीं जाएगा।

आप  नेता सौरभ भारद्वाज बोले- बीजेपी टैक्स का पैसा पार्टी फंड में डालती है
आप नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि बेशर्म भाजपा सरकार टैक्स देने वालों का पैसा अपनी पार्टी फंड के तौर पर इस्तेमाल कर रही है। वे खुलेआम अपने पार्टी कार्यकर्ताओं के परिवारों को मुआवजा और नौकरियां दे रहे हैं, जबकि सैकड़ों आम लोग मारे गए हैं। उन्होंने कहा कि यह मेन रोड दिल्ली सरकार के लोक निर्माण विभाग के अंडर आती है, और इसे डीजेबी ने खोदा था। लोकल आरडब्ल्यूए ने इस खतरे के बारे में अधिकारियों से कई बार शिकायत की थी, लेकिन कौन सुनता है? यह हादसा होना ही था। शिकायतों के बावजूद, इस मौत के जाल को ठीक से बैरिकेड नहीं लगाया गया ताकि लोगों की जान न जाए।

ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें

 

Leave a Reply