विवेक विहार

दिल्ली के विवेक विहार में बहुमंजिला इमारत में भीषण आग लगने से एक ही परिवार के 9 लोगों की दर्दनाक मौत

देश/प्रदेश नई दिल्ली राष्ट्रीय राष्ट्रीय

दिल्ली के विवेक विहार में बहुमंजिला इमारत में भीषण आग लगने से एक ही परिवार के 9 लोगों की दर्दनाक मौत

एजेंसी, नई दिल्ली। दिल्ली के शाहदरा जिले के विवेक विहार इलाके में रविवार तड़के एक बहुमंजिला रिहायशी इमारत में भीषण आग लगने की घटना सामने आई, जिसने पूरे इला के में हड़कंप मचा दिया। यह आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते कई फ्लोर इसकी चपेट में आ गए। इसमें अब तक नौ लोगों की मौत हो चुकी है। जानकारी के मुताबिक, यह आग विवेक विहार फेज-1 के एक बहुमंजिला मकान में लगी थी। फायर कंट्रोल रूम को इस हादसे की सूचना तड़के 3:48 बजे मिली थी, जिसके बाद तुरंत पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके के लिए रवाना हो गईं। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि बिल्डिंग के दूसरे, तीसरे और चौथे फ्लोर पर आग लगी हुई थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दमकल की करीब 12 से 14 गाड़ियां मौके पर लगाई गईं। फायर ब्रिगेड, पुलिस, क्राइम टीम, ट्रैफिक पुलिस और डीडीएमए की टीम ने मिलकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया।

करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुबह 6:25 बजे आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन इसके बाद भी सर्च ऑपरेशन जारी रहा, खासकर ऊपरी मंजिलों पर, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई अंदर फंसा न रह जाए। शाहदरा के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि सुबह करीब 4 बजे आग लगने की कॉल मिली थी और तुरंत टीम मौके पर पहुंच गई थी। उन्होंने कहा कि आग पर काबू पाने में करीब दो घंटे लगे, जिसके बाद सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। बचाव कार्य के दौरान करीब 10 से 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इनमें से दो लोगों को मामूली चोटें आई थीं, जिन्हें इलाज के लिए गुरु तेग बहादुर अस्पताल भेजा गया। वहीं, कुछ अन्य घायलों को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस आग में कुल नौ लोगों की जान चली गई। यह संख्या और बढ़ भी सकती है, क्योंकि अभी सर्च ऑपरेशन पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, आग इतनी भयानक थी कि लोगों को संभलने का मौका ही नहीं मिला। कई लोग अपनी जान बचाने के लिए बाहर की तरफ भागे, जबकि कुछ लोग अंदर ही फंस गए थे। फिलहाल आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है, लेकिन पुलिस और जांच एजेंसियां हर एंगल से मामले की जांच कर रही हैं।

ये भी पढ़े : छत्तीसगढ़ के कांकेर में आईईडी विस्फोट की चपेट में आने से 3 जवान शहीद, एक अन्य घायल

ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें

Leave a Reply