फुकेत| एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट I377 में तकनीकी खराबी के कारण फुकेत से दिल्ली जा रहे 100 से अधिक यात्री करीब 80 घंटे तक फंसे रहे। यात्रियों का आरोप है कि एयरलाइन की लापरवाही के चलते उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। 16 नवंबर की रात को दिल्ली के लिए उड़ान भरनी थी, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण उड़ान में छह घंटे की देरी हुई। इसके बाद भी उड़ान रद्द कर दी गई और यात्रियों को एयरपोर्ट पर ही रुकना पड़ा। 17 नवंबर को दोबारा उड़ान भरी गई, लेकिन दो घंटे के भीतर ही विमान को वापस फुकेत उतारना पड़ा। यात्रियों ने बताया कि एयरलाइन ने उन्हें किसी तरह की सुविधाएं नहीं दीं और उन्हें लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा।
कई बुजुर्ग और बच्चे इस पूरी घटना से काफी परेशान हुए। एयर इंडिया के सूत्रों का कहना है कि पहली बार उड़ान पायलटों के ड्यूटी टाइम लिमिटेशन के कारण रद्द हुई थी। दूसरी बार तकनीकी खराबी के कारण विमान को आपात लैंडिंग करनी पड़ी। यात्रियों ने सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी जाहिर की है और एयरलाइन की लापरवाही पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि जिस विमान में खराबी थी, उसी को दोबारा उड़ान के लिए इस्तेमाल किया गया, जो कि बेहद खतरनाक था। यात्रियों ने एयरलाइन से मुआवजे की मांग की है। कंपनी ने कहा, हम यात्रियों की क्षतिपूर्ति करेंगे। कई यात्रियों को वापस भेज दिया गया है। लगभग 40 अभी भी फुकेत में हैं उन्हें आज शाम वापस भेज दिया जाएगा।


