एजेंसी, छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को प्रदेश के युवाओं के लिए एक बड़ी खुशखबरी साझा की है। उन्होंने घोषणा की है कि राज्य सरकार आने वाले समय में कुल ढाई लाख सरकारी पदों पर नियुक्तियां करने जा रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक सरकार 70 हजार पदों पर नियुक्ति पत्र सौंप चुकी है और हाल ही में कैबिनेट ने बिजली विभाग में 50 हजार और स्वास्थ्य विभाग में 42 हजार नए पदों को मंजूरी प्रदान की है। यह घोषणा उन्होंने छिंदवाड़ा और पांढुर्ना जिले के विकास कार्यों के लोकार्पण समारोह के दौरान की।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गुरुवार को छिंदवाड़ा जिले के प्रसिद्ध जामसांवली हनुमान मंदिर में ‘हनुमानलोक’ के प्रथम चरण का भव्य लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि चैत्र नवरात्र और रामनवमी के पावन पर्व पर इस धाम का समर्पण रामराज्य के प्रति हमारी अटूट आस्था का प्रतीक है। उन्होंने दूसरे चरण के कार्यों की भी घोषणा की और विश्वास जताया कि हनुमानलोक न केवल भक्ति का केंद्र बनेगा, बल्कि पर्यटन और रोजगार के क्षेत्र में भी मील का पत्थर साबित होगा। यहाँ भगवान की लीलाओं का ऐसा जीवंत वर्णन होगा कि देशभर से श्रद्धालु यहाँ खींचे चले आएंगे।
किसानों के हित में एक और महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार इस वर्ष को ‘किसान कल्याण वर्ष’ के रूप में मना रही है। अब किसानों को खेतों की सिंचाई के लिए रात के समय परेशान नहीं होना पड़ेगा, क्योंकि सरकार ने उन्हें दिन के समय ही बिजली उपलब्ध कराने का फैसला लिया है। पांढुर्ना को नए जिले की सौगात मिलने के बाद मुख्यमंत्री ने वहाँ जिला पंचायत भवन, पुलिस अधीक्षक कार्यालय और कलेक्टर कार्यालय जैसे महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों का भूमिपूजन भी किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पांढुर्ना का कलेक्टर कार्यालय पूरे प्रदेश में अपनी अलग पहचान रखेगा।
ये भी पढ़े : बांग्लादेश में हृदयविदारक बस दुर्घटना : नाव पर चढ़ाते समय नदी में समाई यात्रियों से भरी बस, 26 लोगों की मौत और राहत कार्य जारी
मुख्यमंत्री ने छिंदवाड़ा के पुलिस ग्राउंड से 506 करोड़ रुपये की लागत वाली विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधा और कहा कि जामसांवली मंदिर की भव्यता के लिए पहले कभी इच्छाशक्ति नहीं दिखाई गई। उन्होंने कहा कि जो लोग पहले भगवान राम पर सवाल उठाते थे, अब वे भी उनकी महिमा को मानने लगे हैं। रामनवमी की सजावट देखकर मुख्यमंत्री ने छिंदवाड़ा की तुलना रामराज्य से की।
इस कार्यक्रम के दौरान छिंदवाड़ा-पांढुर्ना के सांसद बंटी विवेक साहू ने स्थानीय विश्वविद्यालय के लिए नए भवन की मांग मुख्यमंत्री के समक्ष रखी, जिस पर डॉ. यादव ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए कहा कि छिंदवाड़ा के विकास के लिए सरकार के द्वार हमेशा खुले हैं और हर जायज मांग पूरी की जाएगी। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कई अन्य महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं, जिनमें जामसांवली में 10 बिस्तरों वाला अस्पताल, पांढुर्ना में महिला थाना, इंडोर-आउटडोर स्टेडियम और सौंसर में कृषि विज्ञान केंद्र की स्थापना शामिल है।


