एजेंसी, किश्तवाड़। जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में मौसम के बिगड़े मिजाज ने भारी तबाही मचाई है। यहां एक हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट के करीब हुए भूस्खलन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की जान चली गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हुआ है। इसी बीच, सेना ने एक बड़े बचाव अभियान में सिंथन टॉप इलाके में भारी बर्फबारी के बीच फंसे बच्चों और महिलाओं समेत 235 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
खराब मौसम और बर्फबारी की वजह से कई गाड़ियां रास्तों में ही फंस गई थीं। उधर, हिमाचल प्रदेश के लाहौल स्पीति में भी हालात चुनौतीपूर्ण रहे, जहां बर्फ देखने पहुंचे पर्यटक पूरी रात अटल टनल रोहतांग में फंसे रहे। सड़क पर बर्फ की वजह से फिसलन इतनी बढ़ गई थी कि ट्रैफिक रोकना पड़ा, जिससे टनल के भीतर करीब एक हजार वाहन फंस गए। सिक्किम में भी कुदरत का प्रकोप दिखा, जहां रविवार रात तेज तूफान और भारी बारिश के कारण रकडोंग काफर इलाके में पेड़ गिरने से एक महिला की मौत हो गई। ओडिशा के मयूरभंज जिले में आए भीषण बवंडर ने भारी बर्बादी की है। इस प्राकृतिक आपदा में दो लोगों की मौत की खबर है, जबकि 25 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। तूफान की रफ्तार इतनी तेज थी कि 70 से ज्यादा मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
ये भी पढ़े : नेपाल के गोरखा में बड़ा सड़क हादसा : मनकामना मंदिर से लौट रहे 7 भारतीय तीर्थयात्रियों की मौत, बस खाई में गिरी
मौसम विभाग ने सोमवार को देश के 25 राज्यों में आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की है। उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, झारखंड, बंगाल और ओडिशा के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और ओले गिरने की आशंका है। विशेषज्ञों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी की वजह से यह स्थिति बनी है। वहीं, मध्य प्रदेश, राजस्थान और गुजरात जैसे राज्यों में गर्मी का असर जारी रहेगा, जहां तापमान 35°C से 40°C के बीच रहने का अनुमान है। रविवार को महाराष्ट्र का अमरावती 40.6°C तापमान के साथ देश का सबसे गर्म इलाका रहा।


