ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारतीय टीम तीन एकदिवसीय मैचों की सीरीज खेलेगी। पहली भिड़ंत 22 सितंबर को मोहाली में है। सोमवार को प्रेस कांफ्रेंस कर कप्तान रोहित शर्मा और मुख्य चयनकर्ता अजित अगरक ने टीम की घोषणा की। शुरुआती दो वनडे में भारतीय टीम की कमान केएल राहुल के हाथों में होगी। रोहित शर्मा, विराट कोहली, हार्दिक पंड्या, कुलदीप यादव और अक्षर पटेल को आराम दिया गया है। रविचंद्रन अश्विन और वॉशिंगटन सुंदर को टीम में जगह दी गई है। तीसरे वनडे में सभी सीनियर खिलाड़ी वापसी करेंगे।
शुरुआती 2 वनडे के लिए भारत ने 15 सदस्यीय स्क्वॉड घोषित किया है, जबकि तीसरे वनडे के लिए 17 खिलाड़ियों के नाम घोषित हुए। शुरुआती 2 वनडे के लिए टीम इंडिया में ऋतुराज गायकवाड, तिलक वर्मा, प्रसिद्ध कृष्णा, रविचंद्रन अश्विन और वॉशिंगटन सुंदर को शामिल किया गया है। पांचों ही खिलाड़ी वर्ल्ड कप स्क्वॉड का हिस्सा नहीं हैं। अक्षर पटेल इंजर्ड हैं, इसलिए उनकी जगह अश्विन और सुंदर दोनों को मौका मिला है। तीसरे वनडे मैच में अश्विन और सुंदर को भी जगह मिली है। रोहित, कोहली, हार्दिक, कुलदीप और अक्षर वापसी कर लेंगे। मुख्य चयनकर्ता अगरकर ने कहा कि अक्षर अगर फिटनेस टेस्ट पास नहीं कर पाए तो उन्हें तीसरा वनडे नहीं खिलाया जाएगा। इसीलिए उनकी जगह सुंदर और अश्विन को भी रखा गया है।
शुरुआती दो वनडे के लिए टीम इंडिया- केएल राहुल (कप्तान), शुभमन गिल, ऋतुराज गायकवाड, श्रेयस अय्यर, ईशान किशन (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, रवींद्र जडेजा (उप कप्तान), शार्दूल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, मोहम्मद शमी, तिलक वर्मा, प्रसिद्ध कृष्णा, रविचंद्रन अश्विन और वॉशिंगटन सुंदर।


