मुंबई के भांडुप में दर्दनाक हादसा, बस ने 13 लोगों को कुचला, हादसे में 4 लोगों की मौत

मुंबई के भांडुप में दर्दनाक हादसा, बस ने 13 लोगों को कुचला, हादसे में 4 लोगों की मौत

देश/प्रदेश महाराष्ट्र मुंबई राष्ट्रीय

एजेंसी, मुंबई। मुंबई के भांडुप में रेलवे स्टेशन के बाहर सोमवार देर रात हादसा हुआ। यहां पर एक बस ने 13 पैदल यात्रियों को कुचल दिया। हादसे में 3 महिला सहित 4 लोगों की मौत हो गई। 9 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मुंबई पुलिस ने बताया कि हादसा रात 9:35 बजे बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट (बीईएसटी) की बस से हुआ।

शुरुआती जानकारी के मुताबिक बस रिवर्स करते वक्त बेकाबू हो गई और सड़क पर चल रहे लोगों को चपेट में ले लिया। हादसे के बाद बस ड्राइवर को हिरासत में ले लिया गया है। घटना के बाद एम्बुलेंस, मुंबई फायर ब्रिगेड और बीईएसटी की टीम मौके पर पहुंची। जानकारी के मुताबिक पीड़ितों को तुरंत एम्बुलेंस की मदद से राजावाड़ी और एम.टी. अग्रवाल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 4 लोगों की मौत की पुष्टि हुई। मौत का आंकड़ा बढ़ने की आशंका है। बस ने एक बिजली के खंभे को भी टक्कर मारी, जिससे वह गिर गया। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

हादसे पर फडणवीस और पीएम मोदी ने जताया दुख, सीएम ने की मृतकों के परिजन को वित्तीय सहायता देने की घोषणा
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुंबई के भांडुप इलाके में सोमवार रात ‘बेस्ट’ की बस की चपेट में आने से चार लोगों की मौत होने पर दुख व्यक्त किया। इसके साथ ही सीएम ने मृतकों के परिवारों को पांच-पांच लाख रुपये की वित्तीय सहायता देने की घोषणा की।

हादस में चार की मौत 9 घायल
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि भांडुप इलाके में बस की चपेट में आने से चार लोगों की मौत हो गई तथा नौ अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतकों में तीन महिलाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारी ने बताया कि बस चालक को हिरासत में लिया गया है और उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। बृहन्मुंबई विद्युत आपूर्ति एवं परिवहन (बेस्ट) की जनसंपर्क अधिकारी सुचेता उताले ने एक संदेश में बताया कि यह दुर्घटना भांडुप (पश्चिम) रेलवे स्टेशन के बाहर रात करीब 10.05 बजे हुई। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के समय ‘बेस्ट’ के कर्मचारी संतोष रमेश सावंत (52) बस चला रहे थे, जबकि भगवान भाऊ घरे (47) कंडक्टर के रूप में ड्यूटी पर थे।

इस बीच, महानगरपालिका के एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाम सार्वजनिक नहीं करने की शर्त पर ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि यह दुर्घटना उस समय हुई जब बस भांडुप (पश्चिम) रेलवे स्टेशन के बाहर पीछे की ओर ले जाई जा रही थी। फडणवीस ने दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया तथा इसमें मारे गए लोगों के परिवारों को पांच-पांच लाख रुपये की वित्तीय सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में इस घटना को “बेहद दुर्भाग्यपूर्ण” बताया और मृतकों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘राज्य सरकार मृतकों के कानूनी वारिसों को पांच-पांच लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान करेगी।’’ इस बीच कांग्रेस की मुंबई इकाई की अध्यक्ष एवं लोकसभा सदस्य वर्षा गायकवाड़ ने इस दुर्घटना की जांच की मांग की है। उन्होंने कहा, ‘‘यह बेहद दुखद है। खराब बस, अप्रशिक्षित चालक और ‘बेस्ट’ में सुधार करने के लिए निवेश से कतरा रहा प्रशासन रोजाना कई जिंदगियों को जोखिम में डाल रहा हैं। हम इस घटना की संपूर्ण जांच की मांग करते हैं।’’

पीएम मोदी ने भांडुप बस हादसे पर जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को मुंबई के भांडुप में हुए एक दर्दनाक बस हादसे पर शोक व्यक्त किया। मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर करते हुए कहा, “मुंबई के भांडुप में हुए हादसे में जानमाल के नुकसान से दुखी हूं। जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं। घायल लोग शीघ्र स्वस्थ हों।” मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बस चालक संतोष सावंत को हिरासत में ले लिया गया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

ये भी पढ़े : तीनों सेनाओं होगी पहले से भी अधिक मजबूत, केंद्र ने 79,000 करोड़ रुपये के रक्षा कोष को दी मंजूरी

Leave a Reply