एजेंसी, दिल्ली। बाहरी दिल्ली में आदर्श नगर के मजलिस पार्क मेट्रो स्टेशन के सामने स्थित मेट्रो अपार्टमेंट्स में सोमवार देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। अपार्टमेंट की पांचवीं मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में हीटर फटने के बाद लगी आग में डीएमआरसी के इंजीनियर अजय विमल, उनकी पत्नी नीलम और 10 वर्षीय बेटी जाह्नवी की जलकर मौत हो गई।
उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस के अनुसार, सोमवार रात करीब 2.39 बजे आदर्श नगर थाना पुलिस को आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। सोसाइटी के इन-हाउस फायर फाइटिंग सिस्टम की मदद से कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया गया। वहीं, आग बुझाने के बाद दमकल कर्मियों ने फ्लैट में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान मास्टर बेडरूम से तीनों के जले हुए शव बरामद हुए। मृतकों की पहचान 45 वर्षीय अजय विमल, उनकी पत्नी 38 वर्षीय नीलम और 10 साल की बेटी जाह्नवी के रूप में हुई। मृतक इंजीनियर की पत्नी की पहचान शव पर चिपके कपड़े से हुई है। पुलिस ने बताया कि अजय विमल डीएमआरसी में इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। मौके पर क्राइम टीम और फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि रूम हीटर में धमाके के बाद आग लगी, जिससे कमरे में आग तेजी से फैल गई। आग के दौरान कमरे में ऑक्सीजन की कमी हो जाने के कारण परिवार के सदस्यों को समय पर बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस आग लगने के कारणों की गहन जांच कर रही है। पड़ोसियों ने बताया कि तेज धमाका होने पर मृतक के फ्लैट के आसपास अन्य फ्लैट के लोग बाहर आ गए। देखा तो पता चला कि पांचवीं मंजिल पर आग लगी है। काफी धुंआ निकल रहा था। तुरंत दमकल विभाग को जानकारी दी गई। गेट अंदर से बंद था। धमाके की आवाज पड़ोसियों के अलावा 200 मीटर दूर ट्रक चालक ने भी सुनी। ऐसे में पुलिस कह रही है कि शायद वह जग नहीं पाए। यह हो सकता है कि पहले धुएं से बेहोश हो गए हों। बाद में धमाका हुआ हो, जिसके बाद सभी जल गए। अभी तो यही कयास लगाए जा रहे हैं। मृतक की बहन ऊषा ने बताया कि वह तीन बहन और दो भाई हैं। मृतक छोटे भाई थे। बड़ा भाई उत्तर प्रदेश पुलिस में इंस्पेक्टर के पद पर तैनात हैं। उज्जैन के रहने वाले हैं। आखिरी बार फोन पर नववर्ष पर बात हुई थी। बीते रविवार को परिवार के सदस्य भाई के यहां मिलने के लिए आए थे। सब कुछ अच्छा चल रहा था। सभी काफी खुश थे। 15 वर्ष पूर्व अजय दिल्ली आ गए थे। यहां दिल्ली मेट्रो में असिटेंट सेक्शन इंजीनियर के पद पर तैनात थे। आज सुबह 8 बजे डीएमआरसी ने उन्हें इस हादसे की जानकारी दी है।
ये भी पढ़े : एमपी में भोपाल में बेघर हो सकते हैं 1.30 लाख लोग, होगा बुलडोजर एक्शन


