नई दिल्ली| चेन्नई इंडियन प्रीमियर लीग-2023 (आईपीएल) का सुपरकिंग बन गया है। वर्षा से बाधित फाइनल मुकाबले में चेन्नई सुपरकिंग्स ने गुजरात टाइटंस को पांच विकेट से हराकर आईपीएल के 16वें संस्करण का विजेता बन गया। चेन्नई ने पांचवीं बार आईपीएल खिताब अपने नाम की है। रोहित शर्मा की कप्तानी वाली टीम मुंबई इंडियंस भी पांच बार की विजेता रही है। एमएस धोनी ने अपनी टीम को पांचवीं बार चैंपियन बनाकर रोहित शर्मा की बराबरी कर ली। गुजरात खिताब को बचा पाने में नाकाम रहा। पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात टाइटंस ने निर्धारित 20 ओवर में चार विकेट खोकर 214 रन बनाए। इसके बाद चेन्नई सुपरकिंग्स बललेबाजी के लिए उतरी। तीन गेंद खेलने के बाद बारिश शुरू हो गई। इसके बाद दो घंटे तक मैच रूका रहा। जब बारिश रूकी तो डकवर्थ लुइस नियम के अनुसार चेन्नई को 15 ओवर में 171 रन का टारगेट मिला। लक्ष्य का पीछा करते हुए चेन्नई सुपरकिंग्स ने 15 ओवर में पांच विकेट पर 171 रन बनाकर आईपीएल का खिताब जीता। रविंद्र जडेजा ने 15वें ओवर की आखिरी गेंद पर चौका मारकर अपनी टीम को पांचवीं बार चैंपियन बनाया।
गुजरात के अहमदाबाद स्थित नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए आईपीएल-2023 के फाइनल मैच में चेन्नई सुपरकिंग्स ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात ने शुरुआती 2 ओवरों में धीमी शुरुआत की। लेकिन तीसरे ओवर से ऋद्धिमान साहा और शुभमन गिल ने तेजी से रन बनाने शुरू कर दिए। दोनों ही प्लेयर्स को एक-एक जीवनदान भी मिला, जिसके बाद दोनों ने बड़े-बड़े शॉट्स लगाए और टीम का स्कोर 6 ओवर में 62 रन तक पहुंचा दिया। दोनों के बीच 67 रन की पार्टनरशिप हुई। गिल 39 रन बनाकर आउट हुए और ये साझेदारी टूटी। गुजरात के ऋद्धिमान साहा ने 36 बॉल में फिफ्टी बनाई। उन्होंने पहले गिल के साथ 67 रन की पार्टनरशिप की, फिर साई सुदर्शन के साथ भी 64 रन की साझेदारी की। वे 39 बॉल में 54 रन बनाकर दीपक चाहर का शिकार हुए। शुभमन गिल के बाद नंबर-3 पर बैटिंग करने उतरे साई सुदर्शन ने संभली हुई शुरुआत की। फिर 12वें ओवर के बाद स्पिनर्स को बड़े-बड़े शॉट्स लगाने शुरू कर दिए। उन्होंने 33 बॉल में अपनी फिफ्टी पूरी की। वह 20वें ओवर में 96 रन बनाकर आउट हुए। दीपक चाहर ने पावरप्ले में ऋद्धिमान साहा और शुभमन गिल दोनों के कैच छोड़े। दूसरे ओवर की चौथी बॉल तुषार देशपांडे ने लेग स्टंप पर गुड लेंथ फेंकी। गिल ने फ्लिक किया, बॉल स्क्वेयर लेग पर खड़े चाहर के पास गई। लेकिन चाहर के हाथ से बॉल छूट गई और वे कैच पूरा नहीं कर सके। इस तरह गिल को 3 रन के स्कोर पर जीवनदान मिला।
चाहर ने फिर पांचवें ओवर में अपनी ही बॉलिंग पर साहा का कैच भी छोड़ दिया। पहली ही बॉल उन्होंने शॉर्ट पिच स्लोअर फेंकी। साहा ने सामने की ओर शॉट खेला, बॉल चाहर के पास आई, लेकिन वे फॉलो थ्रू में कैच नहीं कर सके। चेन्नई के गेंजबाजों को 19 ओवर तक 2 ही विकेट मिले। दीपक चाहर ने साहा और रवींद्र जडेजा ने गिल को पवेलियन भेजा। आखिरी ओवर में मथीश पथिराना ने 2 विकेट लिए। दूसरी पारी में तीन गेंद ही फेके गए थे कि बारिश आ गई। बारिश 15 मिनट ही हुई। लेकिन ग्राउंड गीला होने के कारण रात 12:10 बजे दूसरी पारी शुरू हुई। ओवर ओवर कम हुए और चेन्नई सुपरकिंग्स को 15 ओवर में 171 रन का टारगेट मिला। 15 ओवर में 171 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी चेन्नई को डेवोन कॉन्वे और ऋतुराज गायकवाड ने तेज शुरुआत दिलाई। दोनों ने 4 ही ओवर में टीम का स्कोर 52 रन कर दिया। ओवर कम होने के बाद पावरप्ले भी 4 ही ओवर का कर दिया गया। सातवें ओवर में चेन्नई के दो विकेट गिरे। 7वें ओवर की तीसरी गेंद नूर अहमद ने फुलर लेंथ गूगली फेंकी। ऋतुराज गायकवाड पॉइंट पर कैच हो गए। उन्होंने 26 रन बनाए।
7वें ओवर की आखिरी बॉल नूर अहमद ने लेग स्पिन फेंकी। डेवोन कॉन्वे लॉन्ग ऑफ पर कैच हो गए। उन्होंने 47 रन बनाए। इसके बाद चेन्नई की टीम दबाव में आ गई। 11वें ओवर की पांचवीं बॉल मोहित शर्मा ने स्लोअर शॉर्ट पिच फेंकी। अजिंक्य रहाणे डीप कवर्स पर कैच हो गए। उन्होंने 27 रन बनाए। 117 रन पर तीन विकेट गंवाने के बाद चेन्नई की टीम अपने पांचवीं खिताब से दूर जाने लगी। अबांती रायडू ने ताबड़तोड रन बटोरकर टीम को फिर से मुकाबले में ला दिया। अबांती ने आठ गेंद पर 19 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। रायडू के आउट होने के बाद कप्तान धोनी आए और पहले ही बॉल पर आउट हो गए। फिर रविंद्र जडेजा और शिवम दूबे ने मिलकर चेन्नई को जीत दिलाई। 15वें ओवर की आखिरी दो गेंदों पर चेन्नई को 10 रन की दरकार थी। जडेजा ने पहले छक्का और फिर चौका जड़कर टीम को चैंपियन बनाया।


