भोपाल : मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने भिंड जिले के मिहोना से उत्तर प्रदेश के माधोगढ़ जा रही बस दुर्घटना में 5 लोगों के असामयिक निधन पर शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा शोकाकुल परिजन को यह दुख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की है। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।मुख्यमंत्री श्री चौहान ने ट्वीट कर मृतकों के परिजन को 2-2 लाख रूपए की राहत राशि, गंभीर रूप से घायलों को 50-50 हजार रूपए और सामान्य रूप से घायलों को 10 -10 हजार रूपए की आर्थिक मदद के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कविवर रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती पर नमन किया
भोपाल : मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने महान कवि, अद्वितीय कथाकार, राष्ट्रगान के रचयिता, नोबेल पुरस्कार से सम्मानित श्रद्धेय रवीन्द्रनाथ टैगोर की जयंती पर नमन किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने निवास कार्यालय स्थित सभागार में उनके चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित कर योगदान का स्मरण किया। कविवर को गुरूदेव के नाम से भी जाना जाता है। उनका जन्म 7 मई 1861 को कोलकाता में हुआ। विश्व विख्यात महाकाव्य गीतांजलि की रचना के लिए उन्हें वर्ष 1913 में नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उन्होंने 7 अगस्त 1941 को कोलकाता में अंतिम साँस ली।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने पीपल, जामुन और अमरूद के पौधे लगाये
भोपाल : मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने श्यामला हिल्स स्थित उद्यान में पीपल, जामुन और अमरुद के पौधे लगाए। मुख्यमंत्री श्री चौहान के साथ श्री गौतम साल्वे और श्री जयनारायण भाटी ने अपने जन्म-दिवस पर पौधे रोपे। फिल्म अभिनेता श्री नमन सोनी भी पौध-रोपण में शामिल हुए। मुख्यमंत्री के साथ सर्वश्री राम रघुवंशी, विनय अग्रवाल, दीपेन्द्र पाल, राघवेन्द्र यादव, प्रदीप श्रीवास्तव, हिमांशु राजपूत, दिलीप रघुवंशी, सुशील भाटी, सुरेन्द्र सोनी, सुशील सोनी, सुश्री कृतिका भाटी, सपना भाटी, गुंजन सोनी, शौर्या साल्वे और पूनम साल्वे भी पौध-रोपण में शामिल हुए।


