एजेंसी, भोपाल। CM Mohan Yadav : मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को एक अलग ही अंदाज में नजर आए। वे अचानक राजधानी के प्रसिद्ध वीआईपी रोड स्थित एक रेस्टोरेंट पहुंचे, जिससे वहां मौजूद लोग हैरान रह गए। मुख्यमंत्री ने न केवल आम नागरिकों के बीच बैठकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम सुना, बल्कि वहां मौजूद युवाओं और आम जनता से सीधा संवाद भी किया। इस दौरान उन्होंने लोगों के साथ बैठकर नाश्ता (स्वल्पाहार) किया और विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर चर्चा की।
आज भोपाल में युवाओं के बीच बैठकर आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 133वें संस्करण का श्रवण किया।
अपने उद्बोधन में माननीय प्रधानमंत्री जी ने सभी से जनगणना में बढ़ चढ़कर भाग लेने और बढ़ती गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की अपील… pic.twitter.com/IQAVOMz2sx
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) April 26, 2026
जल संरक्षण और किसान नीतियों पर दिया जोर
चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने बताया कि मध्यप्रदेश में ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ लगातार तीसरे वर्ष भी सफलतापूर्वक चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार के प्रयासों से प्रदेश के पारंपरिक जल स्रोतों जैसे कुओं और बावड़ियों को पुनर्जीवित किया जा रहा है। जल संरक्षण के मामले में मध्यप्रदेश पूरे देश में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। इसके साथ ही उन्होंने किसानों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि राज्य सरकार गेहूं के साथ-साथ अब चना और मसूर की भी सुचारू रूप से खरीदी कर रही है, ताकि किसानों को उनकी उपज का सही दाम मिल सके।
नारी शक्ति वंदन और विपक्ष पर निशाना
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री द्वारा लाए गए ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ का जिक्र करते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देकर उन्हें उनका हक दिलाने का ऐतिहासिक काम किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों, विशेषकर कांग्रेस ने हमेशा नारी सशक्तिकरण की राह में रोड़े अटकाए हैं। डॉ. यादव ने कहा कि कांग्रेस को महिलाओं के साथ किए गए पुराने अन्यायों के लिए जनता से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने युवाओं को बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी।
गैर-राजनीतिक संवाद की सराहना
‘मन की बात’ कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मंच पूरी तरह से गैर-राजनीतिक है और समाज में सकारात्मक ऊर्जा भरने का काम करता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की बातें देशवासियों को नई प्रेरणा और चेतना प्रदान करती हैं। रेस्टोरेंट में मौजूद युवाओं ने भी मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर खुशी जाहिर की और महिला सुरक्षा व समान वेतन जैसे विषयों पर अपने विचार साझा किए। मुख्यमंत्री ने विश्वास दिलाया कि सरकार प्रदेश के हर वर्ग के उत्थान के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।
ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें


