बुरहानपुर। खकनार तहसील के डोईफोड़िया स्थित कुशाभाऊ ठाकरे मंडल के नव निर्वाचित उपाध्यक्ष संतोष राठौड़ और भोला जमरे ने गुरुवार को अपने पद से त्यागपत्र दे दिया। इसके साथ ही उन्होंने भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया है।
उन्होंने अपने फेसबुक अकाउंट पर भी यह जानकारी पोस्ट की है। ज्ञात हो कि इससे पहले बुधवार को भाजपा द्वारा जिला मंत्री बनाए गए ओम चौकसे ने भी कुछ ही घंटे में पद से इस्तीफा दे दिया था। पार्टी पदाधिकारियों के लगातार इस्तीफों से भाजपा में हड़कंप मचा हुआ है। पार्टी के वरिष्ठ नेता इस्तीफा देने वाले पदाधिकारियों को मनाने में जुटे हैं, लेकिन उनकी मान मनव्वल के बाद भी नाराज नेता मान नहीं रहे हैं।
पार्टी सूत्रों की मानें तो बीते कुछ समय से पार्टी में कार्यकर्ताओं की पूछ परख कम होने और उन्हें यथोचित सम्मान नहीं दिए जाने के कारण कार्यकर्ताओं में गहरी नाराजगी है। हालांकि इस्तीफा देने वाले दोनों मंडल उपाध्यक्षों ने इसका कारण स्पष्ट नहीं किया है। दोनों पदाधिकारियों को नौ जून को ही जिम्मेदारी सौंपी गई थी।


