ओवैसी का बड़ा आरोप : ‘बाबरी मस्जिद गिराने में कांग्रेस का भी हाथ’

तेलंगाना राष्ट्रीय राष्ट्रीय

नई दिल्ली| तेलंगाना विधानसभा चुनाव से माहौल काफी गरम हो गया है। कांग्रेस, एआईएमआईएम समेत सभी पार्टियां प्रचार में जुट गई है। इसी दौरान एआईएमआईएम के मुखिया असदुद्दीन ओवैसी ने कांग्रेस पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा, “कमलनाथ ने साबित कर दिया है कि बाबरी मस्जिद के विध्वंस में कांग्रेस की बीजेपी और RSS के बराबर भूमिका थी… कांग्रेस और बीजेपी दोनों हिंदुत्व की विचारधारा पर काम करते हैं… अब, हमें उम्मीद है कि पीएम मोदी ऐसा करेंगे। जनवरी में जब राहुल गांधी किसी कार्यक्रम में जाएं तो उन्हें अपने साथ ले जाएं, राम-श्याम की जोड़ी अच्छी रहेगी।” बता दें कि अगले साल 22 जनवरी को अयोध्या में बन रहे भव्य राम मंदिर का प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम होगा।

कमलनाथ के इस बयान पर बोले ओवैसी

दरअसल मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम कमलनाथ ने कहा था “1985 में राजीव गांधी ने अयोध्या में तत्कालीन बाबरी मस्जिद का ताला खुलवाया था। इसलिए किसी को भी राम मंदिर का श्रेय नहीं लेना चाहिए।” अब ओवैसी के बयान पर पलटवार करते हुए कमलनाथ ने फिर कहा “कोई कुछ भी बोलता रहे, लेकिन जो मैंने कहा है मैं उस पर कायम हूं कि भगवान राम का मंदिर पूरे देश का है और इस पर सभी का हक है।”

राहुल पर बरसे ओवैसी

इसी दौरान ओवैसी ने पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष पर आरोप लगाते हुए कहा, ”राहुल गांधी, आप ये आरोप इसलिए लगाते हैं क्योंकि मेरा नाम असदुद्दीन है। क्योंकि मेरे चेहरे पर दाढ़ी है और मैं टोपी पहनता हूं, इसलिए आप मेरे खिलाफ पैसे लेने का आरोप लगाते हैं। यह इस नाम के खिलाफ आपकी नफरत है और आपको दाढ़ी और टोपी पहनने वालों के खिलाफ भी नफरत है। इस लिए आप आरोप लगाते हैं। क्या आपने 2014 और 2019 में चुनाव हारने के लिए बीजेपी से पैसे लिए थे?आपके मित्र ज्योतिरा दित्य सिंधिया भाजपा में शामिल हो गए, लेकिन आप उन्हें यह नहीं बताते कि उन्होंने पैसे लिए हैं। आपके मित्र जितिन प्रसाद भी भाजपा में शामिल हो गए हैं, आप उन्हें यह नहीं बताते कि उन्होंने भाजपा में शामिल होने के लिए पैसे लिए हैं।”

राहुल ने क्या आरोप लगाया था?

ओवैसी की पार्टी पर बड़ा आरोप लगाते हुए राहुल ने कहा था, “हम जहां भी चुनाव लड़ने जाते हैं…असम, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, त्रिपुरा, जहां भी कांग्रेस पार्टी भाजपा के साथ लड़ती है, एआईएमआईएम पार्टी भाजपा से पैसे लेती है और वहां अपने उम्मीदवार खड़ा करती है।”

Leave a Reply