रामास्वामी बोले- हमास कमांडरों के सिर काटकर बॉर्डर पर लटकाएं, 7 अक्टूबर जैसी घटना फिर नहीं होगी

अंतर्राष्ट्रीय अमेरिका

वाशिंगटन| अमेरिका की रिपब्लिकन पार्टी से राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनने की रेस में शामिल विवेक रामास्वामी ने कहा- इजराइल को हमास का खात्मा करने के लिए अपनी पूरी ताकत लगा देनी चाहिए। हमास के 100 नेताओं के सिर काटकर उसे गाजा बॉर्डर पर लटकाना चाहिए। ये इस बात का प्रतीक होगा कि इजराइल पर 7 अक्टूबर जैसा हमला दोबारा नहीं हो सकता। इसके बाद ही इजराइल को अपनी सीमा पर डिफेंस को मजबूत करना चाहिए। उन्होंने कहा- मुझे पूरा भरोसा है कि अगर आईडीएफ को मौका मिले तो वो अकेले इजराइल की रक्षा कर सकती है। मैं निजी तौर पर इस ऑपरेशन की सफलता की कामना करता हूं। इजराइल को अपनी रक्षा और अपने अस्तित्व की लड़ाई का पूरा अधिकार है।

ट्रम्प बोले- कट्टरपंथी इस्लामिक आतंकवादियों को देश से बाहर रखेंगे

दूसरी तरफ, अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने घोषणा की है कि अगर वो दोबारा राष्ट्रपति चुने जाते हैं तो पहले दिन से ही मुस्लिमों पर ट्रैवल बैन लागू कर देंगे। शनिवार को रिपब्लिकन यहूदी सम्मेलन के दौरान ट्रम्प ने कहा- हम कट्टरपंथी इस्लामिक आतंकवादियों को अपने देश से बाहर रखेंगे। लॉस वेगास में हुए इस कार्यक्रम के दौरान ट्रम्प ने कहा- हम अपने दोस्त और साथी इजराइल की ऐसे रक्षा करेंगे जैसे पहले कभी किसी ने नहीं की। हमास और इजराइल के बीच जंग असल में बर्बरता पर सभ्यता, भ्रष्टता पर शालीनता और बुराई पर अच्छाई की लड़ाई है।

2017 में भी ट्रम्प ने 6 मुस्लिम देशों के लोगों पर लगाया था ट्रैवल बैन
दरअसल, 2017 में डोनाल्ड ट्रम्प ने 7 मुस्लिम देशों के लोगों के 90 दिन तक यूएस आने पर बैन लगा दिया था। इसके बाद रिवाइज्ड ऑर्डर में इराक का नाम हटाकर 6 देश कर दिए गए। ट्रम्प ने ट्रैवल बैन की वजह नेशनल सिक्योरिटी को बताया था। उनका ये फैसला काफी विवादास्पद रहा था और कोर्ट ने इसे धार्मिक इन्टॉलरेंस और भेदभावपूर्ण करार दिया था। राष्ट्रपति जो बाइडेन ने 2021 में अपने कार्यालय के पहले हफ्ते में ही बैन को हटा दिया था। व्हाइट हाउस के एक प्रवक्ता ने कहा- राष्ट्रपति बाइडेन को ट्रम्प के नफरत फैलाने वाले गैर-अमेरिकी मुस्लिम बैन को हटाने के फैसले पर गर्व है। लॉस वेगास में ट्रंप के सबसे करीबी प्रतिद्वंद्वियों में से एक फ्लोरिडा के गवर्नर रॉन डेसेंटिस भी मौजूद थे। उन्होंने 7 अक्टूबर के हमले को यहूदियों के ऊपर सबसे खतरनाक हमलों में से एक बताया था।

निक्की हेली बोलीं- हम सबसे खतरनाक दौर में
वहीं, रिपब्लिकन पार्टी से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार बनने की रेस में शामिल भारतीय मूल की निक्की हेली ने कहा- हम इस वक्त सबसे खतरनाक दौर से गुजर रहे हैं। ऐसे में हमें अपनी आजादी की रक्षा करनी होगी, इससे पहले कि इसमें काफी देर हो जाए। ट्रम्प का जिक्र करते हुए निक्की हेली ने कहा- ऐसे समय जब सब कुछ दांव पर लगा है, हम अराजकता, बदला और नाटक से भरे 4 साल नहीं झेल सकते।

Leave a Reply