नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एशियन गेम्स 2022 में भाग लेने वाले भारतीय एथलीटों के दल के साथ बातचीत की। इस अवसर पर पीएम मोदी ने कहा आज जब आप सफल होकर आए हैं तो मुझे लग रहा है कि हमारी दिशा सही है… विदेशी धरती पर सबसे ज्यादा मेडल भारत ने इस बार जीता है। मोदी ने कहा, “हमने जितने भी खेलों में भाग लिया उसमें से ज्यादातर में कोई न कोई मेडल लेकर आए हैं… 20 इवेंट तो ऐसे थे जिनमें आज तक देश को पोडियम फिनिश मिली ही नहीं थी। अनेक खेलों में आपने एक नया रास्ता खोला है।”
एशियन गेम्स में भाग लेने वाले भारतीय एथलीटों के दल को संबोधित करते हुए PM मोदी ने कहा, “मुझे गर्व है कि हमारी ‘नारी शक्ति’ ने एशियाई खेलों में बहुत अच्छा प्रदर्शन किया। यह भारत की बेटियों के सामर्थ्य के बारे में बताता है।””इस बार मेडल तालिका में कम उम्र के बहुत से एथलीट्स ने अपनी जगह बनाई है। जब कम उम्र के खिलाड़ी ऊंचाई को पाते हैं तो वे हमारे खेल राष्ट्र की पहचान बनते हैं। यह खेल राष्ट्र की निशानी है… मैं उन्हें डबल बधाई देता हूं।”


