तीन राज्यों में उपचुनाव का बिगुल, बिहार, मध्य प्रदेश और गुजरात में मतदान की तारीखें घोषित

देश/प्रदेश

तीन राज्यों में उपचुनाव का बिगुल, बिहार, मध्य प्रदेश और गुजरात में मतदान की तारीखें घोषित

एजेंसी, नई दिल्ली। चुनाव आयोग ने बिहार, मध्य प्रदेश और गुजरात की तीन रिक्त विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। इन सीटों पर 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि 3 अगस्त को मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही संबंधित क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है।

तीन राज्यों की इन सीटों पर होगा उपचुनाव
भारतीय चुनाव आयोग ने गुरुवार को बिहार की बांकीपुर, मध्य प्रदेश की दतिया और गुजरात की मांजलपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव कराने की घोषणा की। इन तीनों सीटों पर अलग-अलग कारणों से रिक्तियां हुई थीं। बिहार की बांकीपुर सीट भाजपा नेता नितिन नवीन के इस्तीफे के बाद खाली हुई। मध्य प्रदेश की दतिया सीट राजेंद्र भारती की अयोग्यता के कारण खाली हुई, जबकि गुजरात की मांजलपुर सीट विधायक योगेशभाई पटेल के निधन के बाद खाली हुई।

जानिए पूरा चुनाव कार्यक्रम

चुनाव आयोग के जारी कार्यक्रम के अनुसार 6 जुलाई को नोटिफिकेशन जारी होगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 13 जुलाई तय की गई है। 14 जुलाई को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 16 जुलाई तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे। इन सीटों पर 30 जुलाई को मतदान कराया जाएगा। मतों की गिनती 3 अगस्त को होगी और पूरी चुनाव प्रक्रिया 4 अगस्त तक पूरी कर ली जाएगी।

मतदाता लिस्ट पहले से तैयार

चुनाव आयोग ने बताया कि तीनों विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता लिस्ट पहले ही अंतिम रूप देकर जारी की जा चुकी है। बांकीपुर की अंतिम मतदाता लिस्ट 30 सितंबर 2025, दतिया की 21 फरवरी 2026 और मांजलपुर की 17 फरवरी 2026 को जारी की गई थी। हालांकि नामांकन की अंतिम तारीख तक योग्य मतदाताओं के नाम जोड़ने या संशोधन की प्रक्रिया नियमानुसार जारी रहेगी।

ईवीएम और वीवीपैट से होगा मतदान

चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि सभी मतदान केंद्रों पर ईवीएम और वीवीपैट का उपयोग किया जाएगा। मतदाता पहचान के लिए मतदाता फोटो पहचान पत्र मुख्य डॉक्यूमेंट रहेगा। इसके अलावा आधार कार्ड, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड सहित सरकार द्वारा मान्य अन्य पहचान पत्र भी स्वीकार किए जाएंगे।

 

Leave a Reply