नई दिल्ली. भारत और पाकिस्तान के बीच कैंडी में खेले गए मैच का परिणाम सामने आ गया है. लगातार बारिश की वजह से मैच को रद्द कर दिया गया है. इस प्रकार दोनों टीमों को अब एक-एक अंक से संतुष्ट होना पड़ा है. भारत ने यहां टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 48.5 ओवर में 266 रन बनाए थे. वहीं लक्ष्य का जब पीछा करने की बारी आई तो लगातार बारिश की वजह दोबारा खेल शुरू हो नहीं हो सका. कुछ देर इंतजार करने के बाद आखिरकार मैदानी अंपायरों ने दोनों टीमों के कप्तानों से बातचीत की. जिसके बाद मैच को रद्द करने का फैसला लिया गया.
भारत के लिए किशन-पंड्या चमके:
पाकिस्तान के खिलाफ जरुर मैच का निर्णय नहीं निकल पाया है, लेकिन भारतीय पारी के दौरान किशन और पंड्या का बल्ला जमकर चला. दोनों बल्लेबाजों ने पांचवें विकेट के लिए 138 रन की शतकीय साझेदारी की और ब्लू टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई. मैच के दौरान ईशान किशन टीम इंडिया के लिए जहां पांचवें क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए 81 गेंद में 82 रन बनाने में कामयाब रहे. वहीं पंड्या छठवें क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए 90 गेंद में 87 रन बनाने में कामयाब रहे. दुःख बात ये रही कि दोनों बल्लेबाजों शतक के करीब पहुंचकर शतक लगाने से चुक गए.


