पंजाब में मान सरकार का विश्वास प्रस्ताव पास, सीएम ने केंद्र पर विधायकों को तोड़ने का लगाया आरोप
एजेंसी, चंडीगढ़। पंजाब विधानसभा के विशेष सत्र में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने विश्वास प्रस्ताव पेश किया. इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला. मान ने कहा कि कभी ईडी के छापे और कभी लालच देकर लोगों को तोड़ा जा रहा है. जांच एजेंसियों को खरीद लिया गया है. इनके पास देश के लिए लड़ने वाले लोग नहीं हैं. इनके पास सारे फिल्म स्टार हैं. 240 में से 125 तो इनके पास कांग्रेस से गए नेता हैं. आज का प्रस्ताव पास होने के बाद इसकी कॉपी राष्ट्रपति के पास भी ले जाऊंगा. सभी विधायक भी मेरे साथ जाएंगे. सीएम मान ने कहा, मैंने एक वीडियो देखा था, जिसमें एक-दो लोग राघव चड्ढा के पार्टी छोड़ने पर चर्चा कर रहे हैं. इसमें एक शख्स बताता है कि राघव चड्ढा ने समोसे के मुद्दे को उठाया था. समोसा चाय के साथ खाया जाता है. इसलिए राघव चड्ढा वहां चले गए. इन दिनों अफवाहों का बाजार गर्म है. नकारात्मक खबरें तेजी से फैलती हैं. ऐसी चर्चा है कि आम आदमी पार्टी के विधायक सदन छोड़ देंगे. उन्होंने कहा कि अगर मतदान हुआ तो दो-चार और विधायक सदन छोड़ देंगे. हमारे विधायकों के बारे में अफवाहें फैलाई जा रही हैं.
#पंजाब विधानसभा के विशेष सत्र में विपक्ष ने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर नशे की हालत में सदन में उपस्थित होने का आरोप लगाया।
अध्यक्ष को लिखे पत्र में विपक्ष ने मुख्यमंत्री और सभी विधायकों की तत्काल शराब जांच और डोप जांच कराने का आग्रह किया। pic.twitter.com/c3wQvWLRsE
— आकाशवाणी समाचार (@AIRNewsHindi) May 1, 2026
लोग बीजेपी की बात नहीं सुन रहे: सीएम मान
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सदन में कांग्रेस विधायकों द्वारा मोबाइल के इस्तेमाल पर टिप्पणी की. इसके साथ ही कांग्रेस विधायक सुखपाल खैरा के बैठने के तरीके पर विवाद खड़ा हो गया. मुख्यमंत्री ने कहा, वह पैर बांधकर बैठे हैं. इस पर स्पीकर ने भी खैरा को पैर बांधकर न बैठने को कहा. इसके बाद सदन में बहस शुरू हो गई. मुख्यमंत्री ने कहा कि लोग बीजेपी की बात नहीं सुन रहे हैं. उन्होंने कहा, गुजरात में स्थानीय निकाय चुनावों में आम आदमी पार्टी ने 700 से अधिक सीटें जीतीं. दादिया वाडा में तो आम आदमी पार्टी ने 13 जिला परिषद सीटें जीतीं. इसीलिए लोग नाराज हैं. कांग्रेस और बीजेपी की मिलीभगत है. बीजेपी ने सिंधिया और रवनीत बिट्टू को अपने साथ लिया लेकिन उन्होंने कभी कुछ नहीं कहा. आम आदमी पार्टी आम जनता की पार्टी है. यह कभी टूटती नहीं है.
मान सरकार ने पास किया फ्लोर टेस्ट
बता दें कि पंजाब विधानसभा में आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार ने फ्लोर टेस्ट पास कर लिया है. 94 विधायकों में से 88 ने सरकार के पक्ष में मतदान किया. इस दौरान 4 विधायक अनुपस्थित थे, जबकि 2 विधायक लालजीत सिंह भुल्लर और हरमीत सिंह पठानमजरा जेल में हैं. कांग्रेस, बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल के विधायक उपस्थित नहीं थे.
ये भी पढ़े : वाराणसी से दो नई अमृत भारत ट्रेनों का शुभारंभ, पीएम मोदी ने दिखाई हरी झंडी
ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें


