मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी का प्रकोप: खजुराहो में पारा 45 डिग्री पहुंचा, कुछ जिलों में बूंदाबांदी की संभावना
एजेंसी, भोपाल। मध्य प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में चिलचिलाती धूप और झुलसाने वाली गर्मी ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। छतरपुर जिले का ऐतिहासिक शहर खजुराहो प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य के आधे से अधिक जिलों में पारा 40 डिग्री के आंकड़े को पार कर चुका है, जिससे दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरने लगा है। लोग सूरज की तपिश और गर्म हवाओं के थपेड़ों से बेहाल हैं।
दिल्ली-NCR चिलचिलाती गर्मी और हीट वेव से जूझ रहा है.
इन दिनों तापमान 43°C–45°C तक पहुंच जाता है.
पश्चिमी विक्षोभ के कारण दिल्ली-एनसीआर गंभीर हीट वेव का प्रकोप झेल रहा है. अनुमान है कि 28 अप्रैल तक इस क्षेत्र में हल्की बारिश और आंधी के कारण कुछ राहत मिल सकती है.
मौसम का बदलता… pic.twitter.com/mvb0qkQLep
— SansadTV (@sansad_tv) April 27, 2026
11 क्षेत्रों में लू का अलर्ट जारी
भोपाल मौसम केंद्र ने आगामी 16 घंटों के लिए मौसम का पूर्वानुमान जारी करते हुए चेतावनी दी है कि प्रदेश के 11 क्षेत्रों में हीट वेव यानी लू का असर बना रहेगा। इनमें विदिशा, नर्मदापुरम, झाबुआ और छिंदवाड़ा जैसे जिले शामिल हैं। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, गुना और उमरिया में रात के समय भी गर्म हवाएं चलने के आसार हैं, जिससे रात के तापमान में भी बढ़ोतरी देखी जा सकती है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है।
ग्वालियर और निवाड़ी में मिल सकती है राहत
भीषण गर्मी के बीच कुछ इलाकों के लिए राहत भरी खबर भी है। मौसम विभाग ने ग्वालियर और निवाड़ी सहित कुछ अन्य जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और बूंदाबांदी की संभावना जताई है। स्थानीय स्तर पर बन रहे दबाव के कारण बादल छा सकते हैं, जिससे तापमान में मामूली गिरावट आने की उम्मीद है। हालांकि, प्रदेश के शेष हिस्सों में फिलहाल गर्मी से राहत मिलने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं।
प्रदेश के प्रमुख गर्म शहरों का हाल
राज्य के तापमान पर नजर डालें तो कई शहरों में पारा चेतावनी के स्तर को पार कर गया है। खजुराहो 45 डिग्री के साथ शीर्ष पर है, जबकि नौगांव में तापमान 44.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। विदिशा और भोपाल के बैरसिया क्षेत्र में पारा 44.5 डिग्री तक जा पहुंचा। इसके अलावा सागर, नर्मदापुरम में 44.4 डिग्री और दमोह में 44.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया है। मौसम विभाग का मानना है कि आने वाले दिनों में गर्मी के तेवर और तीखे हो सकते हैं।
ये भी पढ़े : भीषण गर्मी का सितम : भोपाल में आठवीं तक के स्कूलों में अवकाश, लू के प्रकोप को देखते हुए प्रशासन का सख्त फैसला
ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें


