मप्र के देवस्थानों के विकास से जुड़े निर्णयों को क्रियान्वयन के लिए बनी समिति, सीएम होंगे अध्यक्ष

प्रादेशिक भोपाल मध्‍य प्रदेश

देवस्थानों के विकास से जुड़े निर्णयों को क्रियान्वयन के लिए बनी समित
श्रीमहाकाल महालोक, ओंकारेश्वर, सलकनपुर, ओरछा,मैहर शामिल
मुख्यमंत्री मोहन यादव होंगे समिति के अध्यक्ष

भोपाल। श्रीमहाकाल महालोक, ओंकारेश्वर, सलकनपुर, ओरछा,मैहर सहित अन्य देवस्थानों पर विकास कार्यों से जुड़े निर्णयों को समयसीमा के अंदर मंत्रिमंडल की समिति क्रियान्वित कराएगी। इसके अध्यक्ष मुख्यमंत्री डा.मोहन यादव होंगे। मुख्य सचिव को इसका सचिव बनाया है। समन्वय का दायित्व धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग के अपर मुख्य सचिव या प्रमुख सचिव के पास रहेगा। प्रदेश में 2028 में सिंहस्थ होना है। कई निर्माण कार्य विभिन्न विभागों द्वारा प्रस्तावित किए गए हैं। वहीं, पूर्ववर्ती शिवराज सरकार में कई देवस्थानों को विकसित करने का निर्णय लिया गया था।

सभी कार्य समयसीमा में पूरे हो जाएं, इसके लिए मंत्रिमंडल की समिति गठित की गई है। इसमें नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा, संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री धर्मेंद्र लोधी और कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार को सदस्य बनाया गया है। समिति ही देवस्थानों के विकास से जुड़े निर्णय लेगी।

समिति लेगी आबकारी नीति से जुड़े विषयों पर निर्णय
उधर, आबकारी नीति 2024-25 के क्रियान्वयन और उससे जुड़े विषय बार-बार कैबिनेट में सामने नहीं रखे जाएंगे। इसके लिए उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह और महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया की समिति गठित की गई है। वाणिज्यिक कर विभाग के प्रमुख सचिव इसके सचिव रहेंगे।

Leave a Reply