जैकलीन फर्नांडीज

200 करोड़ की ठगी मामला : जैकलीन फर्नांडीज ने सरकारी गवाह बनने के लिए अदालत में दी अर्जी, ईडी ने जवाब के लिए मांगा वक्त

देश/प्रदेश नई दिल्ली बॉलीवुड मनोरंजन राष्ट्रीय

एजेंसी, दिल्ली। Jacqueline Fernandez Case : अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीज ने कथित ठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ रुपये के धन शोधन के मामले में एक बड़ा कदम उठाया है। जैकलीन ने अदालत में याचिका दायर कर इस पूरे प्रकरण में सरकारी गवाह बनने की अनुमति मांगी है। सोमवार को इस मामले की सुनवाई के दौरान प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अपना जवाब दाखिल करने के लिए अदालत से और समय देने का अनुरोध किया। विशेष न्यायाधीश प्रशांत शर्मा ने जांच एजेंसी की मांग को स्वीकार करते हुए मामले की अगली सुनवाई के लिए 8 मई की तारीख तय की है।

अदालती कार्यवाही और पिछला घटनाक्रम

इससे पहले 17 अप्रैल को जब अभिनेत्री के वकील ने यह आवेदन दिया था, तब अदालत ने ईडी को नोटिस भेजकर इस पर राय मांगी थी। जैकलीन फर्नांडीज को इस मामले में ईडी द्वारा पेश किए गए पूरक आरोपपत्र में पहली बार आरोपी के तौर पर शामिल किया गया था। इस केस के सिलसिले में उनसे कई बार पूछताछ की जा चुकी है। पिछले साल जुलाई में दिल्ली उच्च न्यायालय ने मामले को रद्द करने की उनकी अपील को खारिज कर दिया था, जिसके बाद उच्चतम न्यायालय ने भी हाईकोर्ट के उस फैसले में दखल देने से मना कर दिया था।

क्या है पूरा मामला?

यह पूरा मामला सुकेश चंद्रशेखर द्वारा रैनबैक्सी के पूर्व मालिकों की पत्नियों से करीब 200 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने से जुड़ा है। दिल्ली पुलिस ने इस ठगी के आरोप में सुकेश और उसकी पत्नी लीना पॉलोज़ को गिरफ्तार किया था। इस मामले में जांच के दौरान धन शोधन (मनी लॉन्ड्रिंग) के सबूत मिलने के बाद ईडी ने अपनी जांच शुरू की थी। आरोपियों के खिलाफ कठोर कानून ‘मकोका’ भी लगाया गया है।

हवाला और मुखौटा कंपनियों का जाल

जांच एजेंसियों के अनुसार, सुकेश चंद्रशेखर और उसकी पत्नी लीना ने अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर ठगी के पैसों को इधर-उधर करने के लिए ‘हवाला’ नेटवर्क का सहारा लिया था। इस काले धन को ठिकाने लगाने और उसे वैध दिखाने के लिए कई फर्जी या मुखौटा कंपनियां भी बनाई गई थीं। फिलहाल सुकेश के खिलाफ देश के अलग-अलग हिस्सों में कई अन्य आपराधिक मामलों की भी जांच चल रही है। जैकलीन का सरकारी गवाह बनने का फैसला इस मामले की दिशा बदल सकता है।

ये भी पढ़े : मध्य प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा : सीएम मोहन यादव ने भोपाल से ओरछा-चंदेरी हेलीकॉप्टर सेवा का किया आगाज़

ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें

Leave a Reply