एजेंसी, नागपुर। रणवीर सिंह नागपुर : बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता रणवीर सिंह इन दिनों अपनी फिल्म ‘धुरंधर’ की जबरदस्त सफलता को लेकर चर्चा में बने हुए हैं। इसी बीच उनके अचानक नागपुर पहुंचने की खबर ने सबको हैरान कर दिया है। बिना किसी पूर्व जानकारी के राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के मुख्यालय पहुंचना और संघ प्रमुख मोहन भागवत से मिलना अब गलियारों में चर्चा का बड़ा विषय बन गया है।
स्मृति मंदिर में दी श्रद्धांजलि
शुक्रवार को रणवीर सिंह नागपुर के रेशिमबाग इलाके में स्थित स्मृति मंदिर पहुंचे। वहां उन्होंने आरएसएस के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार के स्मारक पर जाकर उन्हें नमन किया और अपनी श्रद्धांजलि दी। बताया जा रहा है कि इस पूरे दौरे को बेहद गुप्त रखा गया था ताकि ज्यादा भीड़ जमा न हो।
संघ प्रमुख के साथ अनौपचारिक चर्चा
अपने इस दौरे के दौरान रणवीर सिंह ने आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत से मुलाकात की। सूत्रों के अनुसार, दोनों के बीच कई अलग-अलग विषयों पर अनौपचारिक बातचीत हुई। इसके अलावा अभिनेता ने वहां मौजूद संघ के अन्य पदाधिकारियों और युवा स्वयंसेवकों के साथ भी समय बिताया। हालांकि, इस मुलाकात के पीछे का असली मकसद क्या था, इस बारे में अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
फिल्म को लेकर छिड़ी बहस
रणवीर सिंह की हालिया फिल्म ‘धुरंधर’ बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई कर रही है, लेकिन इसके साथ ही यह फिल्म विवादों में भी घिरी हुई है। कुछ लोग इसे एक खास एजेंडे वाली फिल्म बता रहे हैं। इन तमाम चर्चाओं और फिल्म पर हो रही बहस के बीच अभिनेता का आरएसएस मुख्यालय जाना और बड़े नेताओं से मिलना सोशल मीडिया पर नई बहस को जन्म दे रहा है।
ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें


