हिमाचल प्रदेश के शिमला में ढह गई पहाड़ी, मलबे में दबे 5-7 घर, 1 की मौत, कईयों के फंसे होने की आशंका

राष्ट्रीय राष्ट्रीय हिमाचल प्रदेश

शिमला| हिमाचल प्रदेश के शिमला में कृष्णानगर इलाके में पहाड़ी ढह गई। करीब पांच से सात मकान ढह गए। मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है। शिमला के एसपी संजीव गांधी ने बताया कि भारी बारिश की वजह से लैंडस्लाइड हुआ और कई घर ढह गये। इसके मलबे में कुछ लोगों के फंसे होने की आशंका है। एंबुलेंस, एनडीआरआफ, एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई है। बचाव अभियान जारी है। अब तक एक शव बरामद हुआ है। देर शाम मुख्यमंत्री ने भी घटनास्थल का दौरा किया। देखिये हादसे का वीडियो –

समर हिल हादसा
उधर, समर हिल में भूस्खलन के बाद से बचाव अभियान जारी है। शिमला के उपायुक्त आदित्य नेगी ने बताया कि यहां से अभी तक 12 शव बरामद किए गए हैं। मंगलवार को 4 शव बरामद किए हैं। NDRF की दो कंपनियां तैनात की गई हैं। SDRF, होम गार्ड, राज्य पुलिस और भारतीय सेना को भी तैनात किया गया है। हिमाचल प्रदेश के शिमला में दो भूस्खलन स्थलों से अब तक 14 शव बरामद किए गए हैं। अधिकारियों को डर है कि मलबे के नीचे और भी लोग फंसे हो सकते हैं।

48 घंटों में बारिश के आसार
हिमाचल प्रदेश आईएमडी के उप निदेशक बुई लाल ने बताया कि आने वाले 48 घंटों में राज्य में कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। कांगड़ा, मंडी और शिमला के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और अन्य ज़िलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। 16 अगस्त के लिए बिलासपुर, शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कांगड़ा और चंबा में येलो अलर्ट जारी किया गया है।

आसमान से बरसी आफत
जिले में आपदा की स्थिति को देखते हुए स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम को भी सादगी से मनाया गया। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि सोमवार को हिमाचल प्रदेश में भूस्खलन और लगातार बारिश के बाद से बारिश से संबंधित दुर्घटनाओं में लगभग 55 लोगों की मौत हो गई है। भारी बारिश के बाद भूस्खलन की वजह से हिमाचल प्रदेश में चार नेशनल हाईवे सहित 800 से ज्यादा सड़कें बंद हैं। मंडी जिले में सबसे अधिक 323 और शिमला 234 सड़कें बाधित हैं।

Leave a Reply