कांग्रेस के बड़े नेता

मिडिल ईस्ट संकट और एलपीजी आपूर्ति पर कांग्रेस के बड़े नेताओं ने अपनी ही पार्टी की लाइन से हटकर दिया सरकार का साथ

देश/प्रदेश नई दिल्ली राष्ट्रीय

एजेंसी, नई दिल्ली। कांग्रेस पार्टी के तीन दिग्गज नेताओं कमलनाथ, आनंद शर्मा और शशि थरूर ने मिडिल ईस्ट संकट और एलपीजी संकट के मुद्दे पर केंद्र सरकार के रुख का समर्थन किया है। यह स्थिति तब सामने आई है जब पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी इन विषयों पर सीधे प्रधानमंत्री को घेर रहे हैं। कांग्रेस के इन नेताओं के बयानों ने राजनीतिक गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी है।

पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा ने भारत की कूटनीति की सराहना करते हुए इसे बेहद समझदारी भरा और कुशल बताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि इस अस्थिर स्थिति से निपटने के लिए सरकार का तरीका परिपक्व रहा है, जिससे कई संभावित मुश्किलों को टालने में मदद मिली है। उन्होंने सरकार द्वारा बुलाई गई सर्वदलीय बैठक का भी स्वागत किया और कहा कि राष्ट्रीय हित में इस तरह का संवाद जारी रहना चाहिए। दिलचस्प बात यह है कि उनके इस बयान को विपक्षी खेमे के प्रवक्ताओं ने भी साझा किया है।

ये भी पढ़े : दतिया से कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की सदस्यता खत्म, बैंक धोखाधड़ी मामले में 3 साल की सजा के बाद विधानसभा ने सीट की घोषित रिक्त

वहीं मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने देश में ईंधन और एलपीजी की कमी की खबरों को सिरे से खारिज कर दिया है। छिंदवाड़ा में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि एलपीजी की कहीं कोई वास्तविक कमी नहीं है, बल्कि कुछ लोग अपने राजनीतिक फायदे के लिए जानबूझकर डर का माहौल पैदा कर रहे हैं। कमलनाथ के इस बयान के बाद केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी चुटकी लेते हुए कहा कि अब तो कांग्रेस के अपने नेता भी मान रहे हैं कि देश में गैस और पेट्रोल-डीजल का कोई संकट नहीं है।

सांसद शशि थरूर ने भी एक लेख के जरिए पश्चिम एशिया संकट पर भारत सरकार के संयम की तारीफ की है। उन्होंने इसे कायरता के बजाय एक जिम्मेदार और रणनीतिक कूटनीति का हिस्सा बताया। थरूर का मानना है कि इस क्षेत्र में भारत के गहरे राष्ट्रीय हित जुड़े हैं, इसलिए सरकार का संभलकर कदम उठाना ही बुद्धिमानी है। इन तीनों नेताओं के रुख ने यह साफ कर दिया है कि अंतरराष्ट्रीय मामलों और ऊर्जा सुरक्षा जैसे संवेदनशील मुद्दों पर कांग्रेस के भीतर राय बंटी हुई है।

ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें

Leave a Reply