अमेरिका

ईरान की अमेरिका को खुली चुनौती : ‘हमारे सैनिक हमले का इंतज़ार कर रहे हैं, अंजाम बुरा होगा’

अंतर्राष्ट्रीय अमेरिका इजराइल ईरान देश/प्रदेश नई दिल्ली राष्ट्रीय

एजेंसी, तेहरान। ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच बढ़ते टकराव के कारण पूरे मध्य पूर्व में हालात बेहद गंभीर बने हुए हैं। इस तनावपूर्ण माहौल के बीच ईरान ने अमेरिका पर साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाते हुए सीधी चेतावनी दी है। ईरान की संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बगेर ग़ालिबफ़ ने कहा कि एक तरफ तो युद्ध रोकने के लिए सार्वजनिक रूप से कूटनीतिक कोशिशों का दिखावा किया जा रहा है, लेकिन दूसरी तरफ अमेरिका गुप्त रूप से जमीनी हमले की योजना बना रहा है।

ग़ालिबफ़ ने अमेरिका को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि दुश्मन दुनिया के सामने बातचीत का संदेश भेज रहा है, जबकि पर्दे के पीछे से आक्रमण की तैयारी में जुटा है। उन्होंने हुंकार भरते हुए कहा कि हमारे जवान अमेरिकी सैनिकों का बेसब्री से इंतज़ार कर रहे हैं, ताकि उन्हें कड़ा सबक सिखाया जा सके और उनके क्षेत्रीय सहयोगियों को हमेशा के लिए दंडित किया जा सके। ईरान की ओर से यह तीखा बयान जंग शुरू होने के एक महीने बाद सामने आया है।

मोहम्मद बगेर ग़ालिबफ़ ने साफ शब्दों में कहा कि ईरानी सेना अमेरिकी सैनिकों को मुंहतोड़ जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने अमेरिका की किसी भी जमीनी कार्रवाई का डटकर सामना करने की बात कही है। यह बयान ऐसे समय में आया है जब क्षेत्र में तनाव अपने चरम पर है। ईरान ने मौजूदा कूटनीतिक प्रयासों को महज एक धोखा करार दिया है। गौरतलब है कि पिछले महीने 28 फरवरी को इजरायल और अमेरिका ने ईरान पर हवाई हमले किए थे, जिसमें ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद से ही मध्य पूर्व में भीषण संघर्ष छिड़ा हुआ है, जिसके कारण होर्मुज स्ट्रेट जैसे महत्वपूर्ण जल मार्ग ठप हो गए हैं और दुनिया भर में ऊर्जा का संकट खड़ा हो गया है।

ये भी पढ़े : 1 अप्रैल से हाईवे पर सफर होगा महंगा : जबलपुर से भोपाल और नागपुर जाना पड़ेगा भारी, टोल टैक्स और एनुअल पास की कीमतों में बढ़ोतरी

संसद अध्यक्ष ने देश की जनता से एकजुट होने की अपील करते हुए कहा कि हमारा राष्ट्र इस समय एक बड़े वैश्विक युद्ध के सबसे नाजुक दौर से गुजर रहा है। ऐसी स्थिति में हम सभी को मिलकर खड़ा होना होगा। ग़ालिबफ़ ने विश्वास जताया कि ईरान संयुक्त राज्य अमेरिका को उसकी हिमाकत के लिए कड़ा दंड देगा और उसे हमले के लिए पछताने पर मजबूर कर देगा। उन्होंने देश की सैन्य शक्ति और नागरिकों के हौसले पर पूरा भरोसा जताया है।

कौन हैं मोहम्मद बगेर ग़ालिबफ़? मोहम्मद बगेर ग़ालिबफ़ वर्तमान में ईरान की संसद के अध्यक्ष हैं। राजनीति के मैदान में उतरने से पहले उन्होंने इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर में वायु सेना के कमांडर के रूप में अपनी सेवाएं दी हैं। इसके अलावा वह पुलिस प्रमुख और तेहरान के मेयर भी रह चुके हैं। वर्ष 2020 में वे संसद के लिए चुने गए और इसके अध्यक्ष बने। उन्हें ईरान के प्रभावशाली नेतृत्व के बेहद करीब माना जाता है।

ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें

Leave a Reply