नई दिल्ली| कांग्रेस नेता राहुल गांधी को मंगलवार को दिल्ली में पुराना घर वापस कर दिया गया. संसद की सदस्यता बहाल होने के बाद राहुल को 12 तुगलक लेन का वह बंगला भी अलॉट करने की अधिसूचना जारी हो गई जहाँ राहुल 19 वर्ष तक रहे थे. राहुल गांधी 2004 में पहली बार अमेठी से सांसद बने. तब तक वो अपनी मां सोनिया गांधी के साथ 10 जनपथ वाले बंगले में रहते थे. सांसद बनने पर 2005 में उन्हें पहली बार 12 तुगलक लेन वाला बंगला अलॉट किया गया था. हालांकि इसी वर्ष जब मोदी उपमान विवाद में राहुल को सूरत की कोर्ट ने दोषी ठहराया और उन्हें 2 साल की सजा हुई तो राहुल की संसद सदस्यता चली गई. इसके साथ ही राहुल का 12 तुगलक लेन का बंगला भी छीन गया.
सुप्रीम कोर्ट ने राहुल गांधी की सजा पर स्टे लगा दिया है. इस कारण राहुल की फिर से संसद सदस्यता बहाल हो गई है. एक दिन पहले ही उनकी लोकसभा में वापसी हुई थी. तब कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी सांसदों ने राहुल का संसद में जोरदार स्वागत किया था. वहीं राहुल ने संसद में महात्मा गांधी की प्रतिमा को प्रणाम किया और बाद में लोकसभा में गए. अब उनके मोदी सरकार के खिलाफ लाये गए अविश्वास प्रस्ताव पर बोलने की उम्मीद है. इस बीच उनका 12 तुगलक रोड का बंगला वापस हो जाने से एक बार फिर से कांग्रेस उत्साहित है.


