एजेंसी, नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को आगामी विधानसभा चुनावों के लिए उम्मीदवारों की एक और सूची जारी कर दी है। इस ताजा फेहरिस्त में केरल की 11 विधानसभा सीटों के लिए नामों का एलान किया गया है। इसके साथ ही पार्टी ने पुडुचेरी और असम के चुनावी मैदान के लिए भी अपने योद्धाओं के नाम सार्वजनिक कर दिए हैं।
केरल में भाजपा की तीसरी सूची केरल विधानसभा चुनाव के लिए जारी की गई भाजपा की तीसरी लिस्ट में 11 उम्मीदवारों को जगह मिली है। राजधानी तिरुवनंतपुरम की महत्वपूर्ण सीट से पार्टी ने करमना जयन पर भरोसा जताते हुए उन्हें टिकट थमाया है। इसके अलावा पुथुपल्ली से रवींद्रनाथ वाकथनम, चवरा से के.आर. राजेश और चडयमंगलम से आर.एस. अरुण राज को चुनावी दंगल में उतारा गया है। अरुविक्कारा सीट से विवेक गोपन और कोवलम से टी.एन. सुरेश भाजपा के प्रत्याशी होंगे।
ये भी पढ़े : मोहन भागवत का बड़ा बयान : स्वार्थ और वर्चस्व की चाहत को बताया युद्ध की वजह दुनिया को भरोसा ईरान इजरायल जंग केवल भारत ही रुकवा सकता है
पुडुचेरी में 9 सीटों पर उम्मीदवारों का एलान पुडुचेरी केंद्र शासित प्रदेश में 9 अप्रैल को होने वाले मतदान के लिए भाजपा ने नौ उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की है। इस लिस्ट में कलापेट निर्वाचन क्षेत्र से पी.एम.एल. कल्याणसुंदरम और थिरुनल्लार से जी.एन.एस. राजशेखरन को मैदान में उतारा गया है। भाजपा यहां अपने गठबंधन सहयोगियों के साथ मिलकर सत्ता की राह देख रही है।
असम के लिए दो और नाम तय असम विधानसभा चुनाव के लिए भी भाजपा ने शनिवार को दो और उम्मीदवारों के नाम साफ कर दिए हैं। पार्टी ने डलगांव विधानसभा सीट से कृष्णा साहा को अपना प्रत्याशी बनाया है, जबकि सिसिबोरगांव सीट से जीबन गोगोई को टिकट दिया गया है। असम में भी 9 अप्रैल को ही वोट डाले जाएंगे।
पार्टी नेतृत्व का मानना है कि इन उम्मीदवारों के चयन से क्षेत्रीय समीकरणों को साधने में मदद मिलेगी। सभी चुनावी राज्यों में उम्मीदवारों के नामों के एलान के साथ ही अब प्रचार अभियान में और तेजी आने की उम्मीद है।


