एजेंसी, कोलकाता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में एक विशाल जनसभा के जरिए पश्चिम बंगाल की वर्तमान तृणमूल कांग्रेस सरकार पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने राज्य की जनता से वर्तमान व्यवस्था को बदलने का आह्वान करते हुए कहा कि बंगाल में बदलाव की लहर अब स्पष्ट दिखाई दे रही है।
मैदान में मौजूद भारी जनसमूह को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि लोगों का यह जोश और उमंग साफ बयां कर रहा है कि बंगाल के नागरिक अब शासन में बड़ा परिवर्तन चाहते हैं। उन्होंने ब्रिगेड परेड ग्राउंड के ऐतिहासिक महत्व को याद दिलाते हुए कहा कि यह वही भूमि है जिसने हमेशा देश को नई दिशा दिखाई है। ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ भी इसी मैदान से उठी आवाज ने पूरे भारत में क्रांति की मशाल जलाई थी, जिससे अंततः विदेशी शासन के अत्याचार और लूट का खात्मा हुआ। आज एक बार फिर इसी जगह से नए बंगाल के निर्माण का शंखनाद हो चुका है।
प्रधानमंत्री ने वर्तमान राज्य सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि बंगाल की सड़कों और लोगों के दिलों में बदलाव की इबारत लिखी जा चुकी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि अब राज्य से इस कठोर सरकार का अंत निश्चित है और महाजंगलराज को समाप्त किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज बंगाल के हर हिस्से से ‘अबकी बार भाजपा सरकार’ की आवाज गूंज रही है। मोदी ने आरोप लगाया कि सत्ताधारी दल ने इस रैली को विफल करने के लिए हर संभव षड्यंत्र रचा। यहां तक कि रैली में शामिल होने आए आम लोगों को अपमानजनक शब्दों से संबोधित किया गया, लेकिन जनता भली-भांति जानती है कि सच्चाई क्या है।
ये भी पढ़े : पीएम किसान योजना की 22वीं किस्त जारी : प्रधानमंत्री मोदी ने 9 करोड़ से ज्यादा किसानों के खातों में भेजे 18,640 करोड़ रुपये
उन्होंने आगे कहा कि अपनी सत्ता खिसकते देख वर्तमान सरकार बौखला गई है। सभा में लोगों को पहुंचने से रोकने के लिए प्रशासनिक बाधाएं डाली गईं, पुलों को बंद किया गया और यातायात में जानबूझकर रुकावटें पैदा की गईं। भाजपा के झंडे और विज्ञापनों को भी हटाया गया, लेकिन जनता के इस विशाल सैलाब ने साबित कर दिया कि उन्हें अब रोका नहीं जा सकता।
प्रधानमंत्री ने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि बंगाल में अराजकता फैलाने वालों का समय अब पूरा होने वाला है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही राज्य में कानून का शासन लौटेगा और जो लोग भी जनता पर जुल्म कर रहे हैं या नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। मोदी ने कहा कि हर अत्याचार का हिसाब लिया जाएगा। उन्होंने अंत में कहा कि मां दुर्गा का आशीर्वाद उनके साथ है और यही शक्ति बंगाल में सुनहरे भविष्य और बड़े परिवर्तन का आधार बनेगी।


