एजेंसी, वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को बेहद कड़े शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि उसने हॉर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले तेल के जहाजों का रास्ता रोकने की कोशिश की, तो अमेरिका उस पर अब तक का सबसे भीषण हमला करेगा। ट्रंप ने साफ किया कि यह जवाबी कार्रवाई पिछली किसी भी कार्रवाई की तुलना में बीस गुना अधिक मारक और विनाशकारी होगी।
राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर लिखा कि यदि ईरान अंतरराष्ट्रीय व्यापार के लिए महत्वपूर्ण इस समुद्री मार्ग में बाधा उत्पन्न करता है, तो अमेरिका उसके उन ठिकानों को निशाना बनाएगा जिन्हें आसानी से नेस्तनाबूद किया जा सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस हमले के बाद ईरान का दोबारा उठ खड़ा होना लगभग असंभव हो जाएगा। ट्रंप ने आगे कहा कि ईरान पर आग और तबाही का कहर बरसेगा, हालांकि उन्होंने यह भी प्रार्थना की कि ऐसी स्थिति उत्पन्न न हो।
ये भी पढ़े : वैश्विक तेल संकट पर वित्त मंत्री का बड़ा बयान, बोलीं- महंगाई पर नहीं पड़ेगा कोई खास असर
उल्लेखनीय है कि हॉर्मुज जलडमरूमध्य वैश्विक व्यापार का एक महत्वपूर्ण केंद्र है, जहाँ से दुनिया के कुल तेल कारोबार का लगभग पांचवां हिस्सा गुजरता है। ट्रंप ने अपनी इस चेतावनी को चीन और उन तमाम एशियाई देशों के लिए एक राहत बताया जो अपनी ऊर्जा जरूरतों के लिए इसी जलमार्ग पर निर्भर हैं। युद्ध के कारण यह रास्ता वर्तमान में लगभग बंद है। इस बीच, ईरान की सेना ‘इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स’ ने एक शर्त रखी है कि जो भी अरब या यूरोपीय देश अपने यहां से इजरायली और अमेरिकी राजदूतों को निष्कासित करेगा, उसे इस रास्ते से बिना किसी रुकावट के आवाजाही की अनुमति दी जाएगी।


