प्रधानमंत्री मोदी

राजधानी को मिली 33,500 करोड़ की महा-सौगात : प्रधानमंत्री मोदी का ‘आपदा सरकार’ पर प्रहार, बोले— अब बहानों का दौर खत्म और विकास शुरू

देश/प्रदेश नई दिल्ली राष्ट्रीय

एजेंसी, नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के पावन अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दिल्लीवासियों को विकास का बड़ा उपहार देते हुए 33,500 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। बुराड़ी में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने पिछली व्यवस्थाओं पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पहले की ‘आपदा सरकार’ की वजह से दिल्ली की प्रगति का पहिया थम गया था, लेकिन पिछले एक साल में दिल्ली ने चहुंओर विकास की नई इबारत लिखी है जिसका सीधा लाभ जनता को मिल रहा है।

प्रधानमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि एक साल पहले दिल्ली ने जिस संकट से मुक्ति पाई थी, वह बेहद जरूरी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि अगर पिछली बाधाएं न होतीं, तो मेट्रो के चौथे चरण का काम बहुत पहले पूरा हो चुका होता। भाजपा की सरकार आने के बाद दिल्ली के हर कोने में बुनियादी ढांचों का निर्माण तेज हुआ है। उन्होंने आरामदायक बस सेवा का जिक्र करते हुए बताया कि आज चार हजार से ज्यादा बसें, जिनमें बिजली से चलने वाली बसें भी शामिल हैं, दिल्ली की सड़कों पर उतर चुकी हैं। पीएम ने कहा कि दस सालों तक विकास को ठप्प रखने वाली ताकतों को जनता की तकलीफों से कोई सरोकार नहीं था, लेकिन अब रेखा गुप्ता के नेतृत्व में स्थितियां तेजी से सुधारी जा रही हैं। दिल्ली के ‘विकास मॉडल’ की चर्चा करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि अब काम शुरू हो चुका है और बहानेबाजी पूरी तरह बंद है।

ये भी पढ़े : जन औषधि दिवस पर प्रधानमंत्री मोदी का बड़ा संदेश : हर भारतीय को मिलेगी सस्ती और उच्च गुणवत्ता वाली दवाएं, सरकार की अटूट प्रतिबद्धता

उन्होंने आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के निर्माण का उदाहरण देते हुए बताया कि कैसे स्वास्थ्य सुविधाएं आम लोगों तक पहुंच रही हैं। महिला दिवस का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आज भारत की नारी शक्ति राजनीति, खेल, विज्ञान और समाज सेवा जैसे हर क्षेत्र में नई ऊर्जा के साथ राष्ट्र का नाम रोशन कर रही है। पीएम मोदी ने दिल्ली को देश की आन-बान और शान का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि दिल्ली का आधुनिक होना केवल एक शहर का विकास नहीं है, बल्कि यह पूरी दुनिया के सामने भारत के आत्मविश्वास को दर्शाता है। एक समय था जब दिल्ली की खराब यातायात व्यवस्था और जाम की चर्चा होती थी, लेकिन आज दिल्ली के पास दुनिया के सबसे बड़े मेट्रो नेटवर्कों में से एक है, जिससे लोगों का सफर आसान हो गया है। अपने संबोधन के अंत में प्रधानमंत्री ने गरीब कल्याण योजनाओं पर जोर देते हुए कहा कि भाजपा सरकार समाज के हर वर्ग के लिए काम कर रही है। उन्होंने रेहड़ी-पटरी वालों का विशेष जिक्र करते हुए कहा कि जिन्हें कभी बैंकों के दरवाजे तक नसीब नहीं थे, आज उनके पास अपना क्रेडिट कार्ड है और वे बैंकिंग प्रणाली का हिस्सा बनकर स्वाभिमान के साथ अपना व्यापार आगे बढ़ा रहे हैं।

ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें

Leave a Reply