एजेंसी, मुंबई। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की भारी मांग को देखते हुए एयर इंडिया ने बुधवार को टोरंटो, फ्रैंकफर्ट और पेरिस (चार्ल्स डी गॉल) के लिए अतिरिक्त विमान सेवाएं शुरू करने का निर्णय लिया है। टाटा समूह के स्वामित्व वाली इस एयरलाइन के साथ-साथ इसकी कम लागत वाली सहायक कंपनी ‘एयर इंडिया एक्सप्रेस’ ने भी संकट के इस समय में यात्रियों की सुविधा के लिए मस्कट, दिल्ली और मुंबई के बीच विशेष उड़ानें संचालित करने की घोषणा की है।
ये भी पढ़े : यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा, बस और वैन की जोरदार टक्कर में 3 महिलाओं समेत 6 लोगों की दर्दनाक मौत
एयर इंडिया द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार, पांच से ग्यारह मार्च के बीच दिल्ली और टोरंटो के बीच तीन अतिरिक्त उड़ानें भरी जाएंगी। इसके साथ ही सात से दस मार्च के दौरान दिल्ली से फ्रैंकफर्ट के लिए तीन और दिल्ली से पेरिस मार्ग पर एक अतिरिक्त उड़ान जोड़ी गई है। इन नई सेवाओं के माध्यम से यात्रियों को दिल्ली के रास्ते एयर इंडिया के घरेलू नेटवर्क और दक्षिण-पूर्व एशिया के देशों तक पहुंचने में काफी आसानी होगी। एयरलाइन प्रबंधन का कहना है कि वे वर्तमान वैश्विक स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और यदि जरूरत पड़ी तो ग्यारह मार्च के बाद भी उड़ानों की संख्या बढ़ाई जा सकती है। दूसरी ओर, एयर इंडिया एक्सप्रेस ने सोशल मीडिया पर बताया कि पांच मार्च को मस्कट के लिए उनकी सेवाएं पहले की तरह जारी रहेंगी। साथ ही मस्कट से दिल्ली और मुंबई के लिए खास विमानों का संचालन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त सात मार्च तक रास अल-खैमाह से दिल्ली, कोच्चि और मुंबई के लिए भी विशेष उड़ानें उपलब्ध रहेंगी।


