एजेंसी, दुबई। सऊदी अरब में स्थित अमेरिकी दूतावास ने मंगलवार को ईरान द्वारा किए गए ड्रोन हमले की पुष्टि की है और अपने नागरिकों को फिलहाल दूतावास परिसर से दूर रहने की सख्त हिदायत दी है। दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक संदेश जारी करते हुए कहा कि हमले की स्थिति को देखते हुए अगली सूचना मिलने तक कोई भी व्यक्ति दूतावास न आए।
ये भी पढ़े : आईसीसी रैंकिंग में स्मृति मंधाना फिर बनी नंबर-1 बल्लेबाज
इस संदेश में स्पष्ट किया गया है कि जिन लोगों को वीजा या अन्य जरूरी कार्यों के लिए समय दिया गया था, उन्हें भी अब न आने के लिए कहा गया है। इससे पहले सऊदी अरब के रक्षा मंत्रालय ने जानकारी साझा की थी कि दूतावास को निशाना बनाकर दो ड्रोन से हमला किया गया है। इसी बीच, ईरान और इजरायल के बीच बढ़ते युद्ध के खतरों को देखते हुए अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने बहरीन और जॉर्डन में तैनात अपने उन कर्मचारियों और उनके परिवारों को वहां से निकलने का आदेश दिया है, जिनकी वहां तत्काल आवश्यकता नहीं है। मंत्रालय ने इंटरनेट पर जारी अपने बयान में कहा है कि सुरक्षा जोखिमों को भांपते हुए यह बड़ा फैसला लिया गया है। इसके साथ ही अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने पश्चिम एशिया के अन्य देशों में रह रहे अपने नागरिकों से भी जल्द से जल्द देश छोड़ने का आग्रह किया है।


