एजेंसी, अजमेर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को राजस्थान के अजमेर से केंद्र और राज्य सरकार की लगभग 16,686 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उपहार दिया। इस अवसर पर उन्होंने नौ से चौदह वर्ष की बालिकाओं को एचपीवी टीके की खुराक पिलाकर देशव्यापी टीकाकरण अभियान का भी श्रीगणेश किया।
प्रधानमंत्री ने इस कार्यक्रम के माध्यम से शहरी विकास, स्वच्छ पेयजल आपूर्ति, सड़क निर्माण, रेलवे, सिंचाई, ऊर्जा और औद्योगिक बुनियादी ढांचे जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों से जुड़ी 43 प्रमुख परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इन योजनाओं में लगभग 8,554 करोड़ रुपये की 34 परियोजनाएं सीधे तौर पर राज्य सरकार के विभिन्न विभागों जैसे जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी, सार्वजनिक निर्माण, जल संसाधन और उद्योग विभाग से संबंधित हैं। इसके अतिरिक्त, राष्ट्रीय राजमार्ग और ऊर्जा क्षेत्र से जुड़ी करीब 8,132 करोड़ रुपये की नौ बड़ी परियोजनाओं को भी गति दी गई। प्रधानमंत्री ने 4,516 करोड़ रुपये से अधिक की सड़क परियोजनाओं की नींव रखी और राष्ट्र को समर्पित किया। इनमें बांदीकुई से जयपुर तक लगभग 1,207 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला चार लेन का ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे और दिल्ली-वडोदरा नियंत्रित एक्सप्रेसवे के अंतर्गत विभिन्न खंडों का विस्तार शामिल है।
ये भी पढ़े : नेपाल चुनाव को देखते हुए ‘बॉर्डर अलर्ट’ : 2 मार्च से सील होगी भारत-नेपाल सीमा, आयात-निर्यात पर भी लगेगा ब्रेक
पूरे प्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्गों को सशक्त और चौड़ा करने के कार्य को भी इसमें प्राथमिकता दी गई है। जयपुर शहर में यातायात सुगम करने के लिए 286 करोड़ रुपये की लागत से सांगानेर फ्लाईओवर से मालपुरा गेट तक एलीवेटेड रोड और जोधपुर में 1,243 करोड़ रुपये की लागत से चार लेन एलीवेटेड रोड का शिलान्यास किया गया। स्वच्छ पेयजल के संकल्प को पूरा करने के लिए प्रधानमंत्री ने नोनेरा वृहद् पेयजल परियोजना और परवन अकावद परियोजना के विभिन्न चरणों की आधारशिला रखी, जिनकी सम्मिलित लागत 3,000 करोड़ रुपये से अधिक है। ऊर्जा के क्षेत्र में राजस्थान को आत्मनिर्भर बनाने के लिए 3,616 करोड़ रुपये की पारेषण प्रणाली का लोकार्पण किया गया। साथ ही, बिजली आपूर्ति को बेहतर करने के लिए सात नए ग्रिड सब-स्टेशन की नींव भी रखी गई। पश्चिमी राजस्थान में औद्योगिक क्रांति लाने और रोजगार के अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से जोधपुर-पाली-मारवाड़ औद्योगिक क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं और जल आपूर्ति से जुड़े कार्यों का भी शुभारंभ किया गया है।


