अगर बारिश की वजह से रद्द हुआ इंग्लैंड वर्सेस न्यूजीलैंड मैच तो क्या पाकिस्तान पर पड़ेगा इसका असर
एजेंसी, नई दिल्ली। टी20 वर्ल्ड कप 2026 का 49वां मुकाबला इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा। इंग्लैंड की टीम पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है, वहीं न्यूजीलैंड के लिए ये मुकाबला काफी अहम होने वाला है। कीवी टीम इस मैच को जीतकर सेमीफाइनल में जगह पक्की करना चाहेगी। लेकिन आपको बता दें कि ये मुकाबला श्रीलंका में खेला जाएगा और वहां अक्सर इन दिनों बारिश हो रही है। ऐसे में फैंस के मन में सवाल ये है कि अगर इंग्लैंड वर्सेस न्यूजीलैंड का मैच बारिश की वजह से रद्द होता है तो क्या होगा। क्या इस मैच के रद्द होने से पाकिस्तान को फायदा लगेगा?
इंग्लैंड वर्सेस न्यूजीलैंड मैच रद्द होने से किसे मिलेगा फायदा?
न्यूजीलैंड और पाकिस्तान के लिए समीकरण साफ है। अगर न्यूजीलैंड यह मैच जीत जाता है, तो वह सेमीफाइनल में पहुंच जाएगा। इसके साथ ही पाकिस्तान के लिए सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें श्रीलंका से अपने मुकाबले से पहले ही खत्म हो जाएंगी। यहां तक कि अगर इंग्लैंड बनाम न्यूजीलैंड मैच बारिश के कारण रद्द भी हो जाता है, तब भी पॉइंट्स और नेट रन रेट के आधार पर न्यूजीलैंड सेमीफाइनल में जगह पक्की कर लेगा। बता दें कि श्रीलंका में अब तक कई मैच बारिश से प्रभावित रहे हैं, इसलिए पाकिस्तान यही चाहेगा कि इस मुकाबले में मौसम साफ रहे।
इंग्लैंड वर्सेस न्यूजीलैंड मैच के दौरान कैसा रहेगा कोलंबो का मौसम?
पूर्वानुमान मौसम की रिपोर्ट को देखें तो इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच मैच के दौरान कोलंबो में हल्की बारिश की संभावना जताई जा रही है। शाम 7 बजे कोलंबो में बारिश होने की संभावना 7 प्रतिशत है। वहीं 8 बजे से रात 11 बजे तक भी बारिश होने की संभावना 7 प्रतिशत बताई गई है। ऐसे में इस मैच के दौरान बारिश खलल डाल सकती है। ऐसे में फैंस और दोनों टीमों के खिलाड़ी चाहेंगे कि मैच के दौरान बारिश न हो और उन्हें 40 ओवर का रोमांचक खेल देखने को मिले।
पाकिस्तान कैसे पहुंच सकता है सेमीफाइनल में?
इंग्लैंड सुपर-8 में लगातार दो जीत के साथ पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुका है। श्रीलंका पर 61 रन की बड़ी जीत के बाद न्यूजीलैंड का नेट रन रेट +3.050 हो गया है। अब कीवी टीम को आगे बढ़ने के लिए सिर्फ बड़ी हार से बचना होगा। दूसरी ओर इंग्लैंड से हारने के बाद पाकिस्तान का नेट रन रेट -0.461 है। सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए उन्हें उम्मीद कर नी होगी कि न्यूजीलैंड को इंग्लैंड के खिलाफ इस मैच में बड़ी हार मिले और साथ ही उसे श्रीलंका के खिलाफ बड़े अंतर से जीत दर्ज करनी पड़ेगी, ताकि नेट रन रेट में सुधार हो सके।
ये भी पढ़े : टी20 विश्व कप 2026 : अर्शदीप सिंह की बेहतरीन गेंदबाजी के दम पर भारत ने जिम्बाब्वे को 72 रन से हराया
ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें


