शहबाज शरीफ का ऐलान : टी20 विश्व कप 2026 में भारत के खिलाफ नहीं खेलेगा पाकिस्तान, कहा- हम बंग्लादेश के साथ...

शहबाज शरीफ का ऐलान : टी20 विश्व कप 2026 में भारत के खिलाफ नहीं खेलेगा पाकिस्तान, कहा- हम बंग्लादेश के साथ…

अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट खेल देश/प्रदेश नई दिल्ली पाकिस्तान राष्ट्रीय

एजेंसी, कराची। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने घोषणा की है कि पाकिस्तान आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 में भारत के खिलाफ नहीं खेलेगा और यह फैसला “सोच-समझकर और बंग्लादेश के प्रति एकजुटता” दिखाते हुए लिया गया है। शरीफ ने केंद्रीय कैबिनेट की बैठक को संबोधित करते हुए कहा, “खेल को सियासी असर से आजाद रहना चाहिए।” उन्होंने यह भी कहा, “पाकिस्तान को भारत के खिलाफ टी20 मैच का बहिष्कार करने के मामले में बंगलादेश के साथ खड़ा होना चाहिए।” स्थानीय मीडिया जियो न्यूज ने यह खबर दी है।

इसमें कहा गया है कि इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) के बंग्लादेश को टूर्नामेंट से हटाने के बाद विरोध के तौर पर पाकिस्तान ने अपने कट्टर प्रतिद्वंद्वी भारत के खिलाफ 15 फरवरी को होने वाले मैच का बहिष्कार करने का फैसला किया है। गौरतलब है कि आईसीसी ने बंग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के अपने मैचों को भारत के बाहर किसी जगह पर करवाने के अनुरोध को खारिज करने के बाद यह फैसला लिया। बीसीबी ने टूर्नामेंट की सात फरवरी को शुरुआत में सामान की आवाजाही की दिक्कतों का हवाला दिया था। इस घटना के बाद बंग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को शामिल कर लिया गया। आईसीसी ने अपने फैसले का बचाव करते हुए कहा था कि अब शेड्यूल में बदलाव करना संभव नहीं था। आगामी सात फरवरी से होने वाले टी20 वर्ल्ड कप के मैच भारत और श्रीलंका की सह-मेजबानी से आयोजित हो रहे हैं।

ये भी पढ़े : युमनाम खेमचंद सिंह बने मणिपुर के 13वें मुख्यमंत्री : नगा समुदाय के लोसी दिखो-कुकी से नेमचा किपगेन डिप्टी सीएम

भारत के खिलाफ पाकिस्तान के बायकॉट पर यह क्या बोल गए कप्तान सूर्यकुमार यादव
भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने बृहस्पतिवार को कहा कि उनकी टीम पाकिस्तान के खिलाफ आईसीसी टी20 विश्व कप मैच के लिए कोलंबो जाएगी, फिर भले ही पड़ोसी देश ने मैच का बहिष्कार करने की घोषणा क्यों ना की हो। भारत को 15 फरवरी को अपने चिर प्रतिद्वंद्वी का सामना करना है लेकिन पाकिस्तान क्रिकेट टीम को उसकी सरकार ने मैच में हिस्सा नहीं लेने के लिए कहा है क्योंकि ‘सुरक्षा चिंताओं’ के कारण भारत में खेलने से इनकार करने के बाद बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को प्रतियोगिता में शामिल किया गया है।

सूर्यकुमार ने यहां टूर्नामेंट से पहले कप्तानों की प्रेस मीट के दौरान कहा, ”मुझे लगता है कि उनका फैसला मेरे नियंत्रण में नहीं है। काश मैं उनके फैसले ले पाता लेकिन यह उनका फैसला है। हम एशिया कप में भी खेले थे और हम उनके साथ तीन बार खेले थे।” विश्व कप शनिवार से शुरू हो रहा है और भारत उसी शाम अपने पहले मैच में अमेरिका से भिड़ेगा। सूर्यकुमार ने कहा, ”हमारी सोच काफी स्पष्ट है। हमने (पाकिस्तान के खिलाफ खेलने से) मना नहीं किया है। उन्होंने किया है। आईसीसी ने कार्यक्रम तय किया। हमारी फ्लाइट की टिकट बुक हो गई है और हम वहां (कोलंबो) जा रहे हैं।” उन्होंने कहा, ”टीम में चर्चा हुई है कि हम पहले सात फरवरी को खेल रहे हैं और फिर हम वहां जाएंगे।” सूर्यकुमार ने कहा, ”हमने उनके खिलाफ कुछ अच्छा क्रिकेट खेला है। हमें बताया गया है कि मैच 15 तारीख को है, मैच तटस्थ स्थल पर है और अगर हमें मौका मिलता है तो हम खेलेंगे। यह उनके (पाकिस्तानी खिलाड़ियों) के लिए भी एक मुश्किल फैसला है।”

ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें

Leave a Reply