एजेंसी, नई दिल्ली। वनडे क्रिकेट में जो रूट ने छुआ एक और बड़ा मुकाम : टेस्ट क्रिकेट में तो जो रूट का आज की तारीख में कोई मुकाबला ही नहीं। वे जब भी मैदान पर उतरते हैं तो कुछ ना कुछ नया कारनामा कर ही देते हैं। अब तो वनडे में भी जो रूट गदर मचा रहे हैं। टी20 विश्व कप से ठीक पहले इंग्लैंड क्रिकेट टीम श्रीलंका दौरे पर है, जहां रूट भी खेल रहे हैं। इसी दौरान जो रूट ने वनडे क्रिकेट में एक नया मुकाम छू लिया है। उन्होंने भारतीय टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली और रोहित शर्मा को पीछे छोड़ने का काम किया है।
जो रूट ने वनडे क्रिकेट में पूरे किए साढ़े सात हजार रन
इंग्लैंड के महान बल्लेबाजों शुमार हो चुके जो रूट इस वक्त श्रीलंका में वनडे क्रिकेट खेल रहे हैं। तीन मैचों की सीरीज के तीसरे मैच में जो रूट ने एक कठिन पिच पर शानदार अर्धशतक लगाने का काम किया। उन्होंने 54 बॉल पर 50 रन बना दिए। इस अर्धशतक को पूरा करने से पहले ही जो रूट ने वनडे में अपने 7500 रन भी पूरे कर लिए।
वनडे में सबसे तेज 7500 रन बनाने वाले चौथे नंबर के बल्लेबाज
जो रूट वनडे में सबसे तेज 7500 रन बनाने वलो नंबर चार के बल्लेबाज बन गए हैं। वनडे में सबसे तेज साढ़े सात हजार रन साउथ अफ्रीका के हाशिम अमला ने बनाए हैं, उन्होंने 160 पारियां खेलकर ही इतने रन बना दिए थे। इसके बाद विराट कोहली का नाम आता है। उन्होंने वनडे में 167 पारियां खेलकर साढ़े सात हजार रन बनाए थे। साउथ अफ्रीका के एबी डिविलियर्स ने 174 वनडे पारियां खेलकर 7500 रन बनाए थे। अब अगर जो रूट की बात की जाए तो उन्होंने 178 वनडे पारियां खेलकर इतने रन बना लिए हैं।
रोहित शर्मा और सौरव गांगुली रह गए पीछे
इस मामले में अब जो रूट भारत के सौरव गांगुली और रोहित शर्मा से आगे निकल गए हैं। सौरव गांगुली ने जब वनडे में साढ़े सात हजार रन बनाए थे, तब उन्होंने 185 पारियां खेली थी, वहीं रोहित शर्मा ने जब वनडे साढ़े सात हजार रन पूरे किए थे, जब 188 पारियां खेली थी। जो रूट के बीच में आने से रोहित और गांगुली अब इस लिस्ट में नीचे चले गए हैं।
कठिन पिच पर रूट ने खेली बेहतरीन पारी
श्रीलंका में जिस पिच पर ये मुकाबला खेला जा रहा है, वो काफी धीमी और रन बनाने काफी मुश्किल हो रहा है। इसके बाद भी अपने अंदाज में धीरे धीरे जो रूट रन बनाते रहे और अपनी टीम को एक मजबूत स्थिति में पहुंचाने में कामयाब भी रहे। अब देखना है कि जो रूट इंग्लैंड के लिए वनडे में कब तक और खेलते हैं।
ये भी पढ़े : पाकिस्तान का ऐलान, टी20 विश्व कप में हिस्सा लेगा
ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें


