MP में बारिश का दौर जारी, भोपाल-नर्मदापुरम में तेज पानी गिरा, छिंदवाड़ा में 1 इंच की बरसात

मध्‍य प्रदेश

भोपाल| मध्य प्रदेश में मंगलवार को भी कई जिलों में बारिश हुई। राजधानी भोपाल में शाम छह बजे के बाद झमाझम बारिश हुई। यहां दिन भर उमस रहा। नर्मदापुरम में भी शाम 6 बजे के बाद मौसम ने करवट बदला। तेज बारिश हुई। मौसम विभाग के मुताबिक, 4 जुलाई के बाद तीन सिस्टम सक्रिय हो जाएंगे। इसका प्रदेशभर में असर दिखेगा। इससे पहले भी लोकल सिस्टम एक्टिव होने से तेज बारिश होगी। राज्‍य के छिंदवाड़ा में एक इंच, रीवा में आधा इंच से ज्यादा बारिश दर्ज की गई। छिंदवाड़ा में आधा घंटे तक बादल बरसे। सत्कार तिराहे से कलेक्ट्रेट ऑफिस के मुख्य मार्ग तक पानी भर गया। सड़क किनारे रखीं गुमठियों पानी में डूब गईं।

सीहोर में भी पानी गिरा। शिवपुरी में 7 मिमी, उमरिया में 6 मिमी, गुना में 3 मिमी पानी गिरा। सिवनी और खजुराहो में हल्की जबकि गुना में तेज बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने देवास, शाजापुर, अशोकनगर और शिवपुरी में बारिश की संभावना जताई है। विदिशा, राजगढ़ और आगर-मालवा में भी बारिश का अलर्ट जारी किया है। प्रदेश के कई शहरों में दिन का तापमान बढ़ा रहा। सबसे ज्‍यादा तापमान सीधी में 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सबसे कम तापमान पचमढ़ी में 28.8 डिग्री रहा। भोपाल में तापमान 36.3, जबलपुर में 36.3, ग्वालियर में 35.4 और इंदौर में 33.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

मौसम एक्‍सपर्ट्स का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में साइक्लोनिक सर्कुलेशन एक्टिव हो गया है। वहीं, गुजरात और नॉर्थ वेस्ट यूपी के ऊपर भी सिस्टम एक्टिव है। नमी के चलते लोकल सिस्टम भी एक्टिव होंगे। बंगाल की खाड़ी में बनने वाला एक और मानसूनी सिस्टम (लो प्रेशर एरिया) ओडिशा, झारखंड, छत्तीसगढ़ होता हुआ मप्र की तरफ आया तो 6 या 7 जुलाई से भोपाल समेत के ज्यादातर हिस्से में तेज बारिश का एक दौर और आ सकता है।

Leave a Reply