एजेंसी, नई दिल्ली। गणतंत्र दिवस के एक दिन पहले रविवार को केंद्र सरकार ने गैलेंट्री अवॉर्ड्स और सर्विस मेडल की घोषणा की। इस बार 982 पुलिस, फायर ब्रिगेड, होम गार्ड, सिविल डिफेंस और करेक्शनल सर्विस से जुड़ें कर्मियों को बेहतरीन (उत्कृष्ट) सेवा के लिए सम्मानित किया जाएगा। इनमें 125 वीरता पदक (गैलेंट्री मेडल्स) भी शामिल हैं।
सबसे ज्यादा 45 वीरता पदक जम्मू और कश्मीर ऑपरेशन थिएटर में तैनात कर्मियों को दिए गए हैं। यहां ऑपरेशन थिएटर का मतलब वह जगह या इलाका, जहां लंबे समय तक आतंकवाद, घुसपैठ के खिलाफ और कानून-व्यवस्था से जुड़े ऑपरेशन चलते रहते हैं। नक्सल हिंसा प्रभावित क्षेत्रों के 35 और पूर्वोत्तर क्षेत्र में तैनात 5 कर्मियों को इन पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। फायर ब्रिगेड सर्विस के 4 बचावकर्मियों को भी वीरता पदक के लिए चुना गया।
कैटेगरीजवाइज अवॉर्ड : 101 प्रेसिडेंट मेडल
– 125 गैलेंट्री मेडल : 121 पुलिसकर्मी और 4 फायर ब्रिगेड कर्मी
– 101 प्रेसिडेंट मेडल (पीएसएम) : 89 पुलिस, 5 फायर ब्रिगेड, 3 सिविल डिफेंस/होम गार्ड और 4 करेक्शनल सर्विस कर्मी
– 756 मेरिटोरियस सर्विस मेडल : 664 पुलिस, 34 फायर ब्रिगेड, 33 सिविल डिफेंस/होम गार्ड और 25 करेक्शनल सर्विसकर्मी।
केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों में सीआरपीएफ एकमात्र फोर्स है जिसे 12 पदकों के साथ वीरता पुरस्कार मिले हैं। सीबीआई के 31 अधिकारियों को प्रेसिडेंट मेडल और मेरिटोरियस मेडल से मिले हैं। इनमें आरजी कर रेप-मर्डर केस की जांच करने वाले सीबीआई के जॉइंट डायरेक्टर वी चंद्रशेखर भी शामिल हैं। चंद्रशेखर ने कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में डॉक्टर के रेप-मर्डर केस की जांच की थी।
दिल्ली पुलिस को 14 अवॉर्ड
जम्मू-कश्मीर पुलिस को सबसे ज्यादा 33 वीरता पदक मिले हैं। इसके बाद महाराष्ट्र पुलिस (31), उत्तर प्रदेश पुलिस (18) और दिल्ली पुलिस (14) का स्थान है।
जानिए इन अवॉर्ड्स के बारे में…
– वीरता पदक : किसी व्यक्ति को वीरता के दुर्लभ असाधारण कार्य, जीवन-संपत्ति बचाने, अपराध को रोकने, अपराधियों को गिरफ्तार करने में असाधारण वीरता के लिए दिया जाता है। संबंधित अधिकारी के दायित्व-कर्तव्य को ध्यान में रखकर जोखिम का अनुमान लगाया जाता है।
– प्रेसिडेंट सेवा मेडल : पीएसएम सेवा में विशेष विशिष्ट रिकॉर्ड के लिए दिया जाता है।
– मेधावी सेवा मेडल : यह पद सेवा संसाधन और कर्तव्यनिष्ठा से की जाने वाली मूल्यवान सेवा के लिए दी जाती है।


