शहडोल| प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को मध्य प्रदेश में शहडोल में कांग्रेस और विपक्षी एकता पर खूब बरसे। उन्होंने कहा कि जिनकी अपनी कोई गारंटी नहीं, वो गारंटी वाली नई-नई स्कीम ला रहे हैं। उनकी गारंटी में छिपे खोट को पहचानिए। झूठी गारंटी के नाम पर छिपे धोखे को पहचान लीजिए। झूठी गारंटी देने वालों से सावधान रहना है। पीएम मोदी शहडोल के लालपुर में राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन 2047 लांच किया। इसके साथ ही एक क्लिक से साढ़े तीन करोड़ हितग्राहियों को डिजिटल आयुष्मान कार्ड बांटे।
कांग्रेस को निशाने पर रखते हुए शहडोल में पीएम मोदी ने कहा कि जब वे जब पेंशन की गारंटी देते हैं तो इसका मतलब है कि उस राज्य में कर्मचारियों को समय पर वेतन भी नहीं मिल पाएगा। अगर वे मुफ्त बिजली की गारंटी देते हैं तो इसका मतलब है कि बिजली के दाम बढ़ाने वाले हैं। जब बस में मुफ्त सफर की गारंटी देते हैं तो मतलब है कि यातायात व्यवस्था बर्बाद होने वाली है। उनके सस्ते पेट्रोल की गारंटी का मतलब है कि टैक्स बढ़ाकर आपकी जेब से पैसे निकालने की तैयारी हैं। जब वो रोजगार बढ़ाने की गारंटी देते हैं तो इसका मतलब है कि वे उद्योग धंधे चौपट करने वाली नीति लेकर आएंगे। विपक्षी एकजुटता के दावे पर पीएम मोदी ने कहा कि आज जो एक साथ आने का दावा कर रहे हैं। सोशल मीडिया में उनके पुराने बयान वायरल हो रहे हैं। वो हमेशा से एक-दूसरे को पानी पी पीकर कोसते रहे हैं। इसका मतलब विपक्षी एकजुटता की गारंटी नहीं है। परिवारवादी पार्टियां सिर्फ अपने परिवार के भले के लिए काम करती आई हैं। देश के सामान्य लोगों के परिवार को आगे ले जाने की गारंटी उनके पास नहीं है।
पीएम मोदी ने कहा कि जो जमानत लेकर बाहर घूम रहे हैं, जो घोटालों के आरोप में सजा काट रहे हैं वो एक मंच पर दिख रहे हैं। उनके पास भ्रष्टाचार मुक्त शासन की गारंटी नहीं है। वो एक सुर में देश के खिलाफ बयान दे रहे हैं। वो देश विरोधी तत्वों के साथ बैठकें कर रहे हैं। इसका मतलब उनके पास आतंकवाद मुक्त भारत की गारंटी नहीं है। लालपुर के कार्यक्रम के बाद पीएम मोदी पकरिया गांव पहुंचे। जहां उनका ठेठ देहाती अंदाज नजर आया। पीएम मोदी ने आदिवासियों से संवाद किया। स्व सहायता समूहों की महिलाओं और जनजातीय समुदाय के लोगों के साथ खुले में खाट पर बैठकर पीएम मोदी ने चर्चा की।


