इंफाल: मणिपुर में सुरक्षाबलों ने बीते 24 घंटे में उग्रवादियों के 12 बंकर ध्वस्त किए हैं। सुरक्षाबलों ने तामेंगलोंग, इंफाल ईस्ट, बिष्णुपुर, कांगपोकपी, चुराचांदपुर और काकचिंग जिलों में ज्वाइंट ऑपरेशन चलाया और हिल और वैली दोनों जगह इन बंकरों को नष्ट कर दिया। मणिपुर के ताजा हालात को लेकर गृहमंत्री अमित शाह ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। 24 जून को हुई सर्वदलीय बैठक की चर्चा की जानकारी शाह ने पीएम को दी। वहीं, राज्य में रविवार देर रात को 30 जून तक इंटरनेट पर प्रतिबंध बढ़ा दिया है।
मणिपुर में कुकी और मैतेई समुदाय के बीच आरक्षण को लेकर पिछले 54 दिनों से हिंसा जारी है। राज्य के सात जिलों में सुरक्षाबलों और पुलिस की संयुक्त सर्च ऑपरेशन चलाया गया। पुलिस ने बताया कि सर्च ऑपरेशन के दौरान तीन 51 मिमी मोर्टार और 84 मिमी मोर्टार गोले साहुमफाई गांव के खेत में पाए गए। कांववई और एस कोटलियान गांव के बीच के एक खेत में एक आईईडी भी बरामद किया गया, जिसे नष्ट कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, पिछले दो महीनों में 1100 हथियार, 13,702 गोला-बारूद और 250 बम को राज्य के अलग-अलग इलाकों से जब्त किया गया है। पुलिस ने बताया कि राज्य के ज्यादातर इलाकों में छुटपुट घटनाओं को छोड़ दें तो हालात सामान्य हैं।
गृह मंत्रालय ने सर्वदलीय बैठक में जानकारी दी कि मणिपुर हिंसा में अब तक 131 लोगों ने अपनी जान गंवा दी है। वहीं, 419 लोग घायल हुए हैं। राज्य में आगजनी की 5 हजार से ज्यादा घटनाएं हुई हैं। लगभग 6 हजार मामले दर्ज हुए हैं और 144 लोगों की गिरफ्तारी हुई है। राज्य में 36 हजार सुरक्षाकर्मी और 40 आईपीएस की तैनाती की गई है। नई दिल्ली में रविवार को मणिपुर के मुख्यमंत्री बीरेन सिंह ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की। गृहमंत्री ने आश्वासन दिया है कि केंद्र सरकार मणिपुर में सामान्य स्थिति लाने के लिए हर संभव कदम उठाएगी। मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री सिंह ने दावा किया कि 13 जून के बाद से हिंसा में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।


