वेनेजुएला से जुड़े घटनाक्रम पर भारत ने व्यक्त की ‘गहरी चिंता’, सभी पक्षों से की शांति की अपील

वेनेजुएला से जुड़े घटनाक्रम पर भारत ने व्यक्त की ‘गहरी चिंता’, सभी पक्षों से की शांति की अपील

अंतर्राष्ट्रीय देश/प्रदेश नई दिल्ली राष्ट्रीय वेनेजुएला

एजेंसी, नई दिल्ली। भारत ने वेनेजुएला से जुड़े घटनाक्रम को लेकर रविवार को ‘‘गहरी चिंता’’ व्यक्त की। अमेरिका ने शनिवार को एक सैन्य अभियान के तहत तेल समृद्ध वेनेजुएला के अपदस्थ राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को पकड़ लिया था। भारत ने कहा कि वह वेनेजुएला में तेजी से बदल रही स्थिति पर करीबी नजर रखे हुए है।

विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘‘वेनेजुएला में हालिया घटनाक्रम गहरी चिंता का विषय हैं। हम तेजी से बदलती स्थिति पर करीबी नजर रखे हुए हैं।’’ भारत ने क्षेत्र में शांति और स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए मुद्दों को शांतिपूर्ण तरीके से हल करने का भी आह्वान किया। विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘‘भारत वेनेजुएला के लोगों के कुशल-क्षेम और उनकी सुरक्षा के प्रति समर्थन की फिर पुष्टि करता है।’’ बयान में कहा गया, ‘‘हम सभी संबंधित पक्षों से अपील करते हैं कि वे बातचीत के जरिए मुद्दों को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाएं ताकि क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनी रहे।’’ अमेरिका ने मादुरो पर मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल होने का लगातार आरोप लगाने के बाद वेनेजुएला की राजधानी काराकस पर शनिवार को सैन्य हमला किया। मादुरो ने इन आरोपों का कड़े शब्दों में खंडन किया था। अमेरिकी सैनिक मादुरो और उनकी पत्नी को न्यूयॉर्क ले गए हैं। अमेरिकी कार्रवाई के बाद वेनेजुएला ने राष्ट्रीय आपातकाल घोषित कर दिया। विदेश मंत्रालय ने कहा कि काराकस स्थित भारत का दूतावास भारतीय समुदाय के सदस्यों के संपर्क में है और वह उन्हें हर संभव सहायता देता रहेगा।

वेनेजुएला में भारतीयों के लिए भारत सरकार ने जारी की एडवाइजरी, गैर-जरूरी यात्रा न करने की दी सलह… हेल्पलाइन नंबर भी उपलब्ध
वेनेजुएला में हालिया उथल-पुथल के मद्देनजर भारतीय विदेश मंत्रालय ने सभी भारतीय नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण यात्रा सलाह जारी की है। मंत्रालय ने स्पष्ट रूप से अनुशंसा की है कि वेनेजुएला की कोई भी गैर-आवश्यक यात्रा टाल दी जाए, क्योंकि वहां की स्थिति अनिश्चित और जोखिम भरी बनी हुई है।

वहां मौजूद भारतीयों के लिए विशेष निर्देश
वेनेजुएला में रह रहे या किसी कारणवश वहां मौजूद सभी भारतीयों को अत्यधिक सतर्क रहने, अपनी बाहर की गतिविधियों को न्यूनतम रखने और सुरक्षा का पूरा ध्यान रखने की सलाह दी गई है। साथ ही, उन्हें तुरंत राजधानी काराकस स्थित भारतीय दूतावास से नियमित संपर्क बनाए रखने को कहा गया है।

ईमेल आईडी और फोन नंबर भी जारी
भारतीय विदेश मंत्रालय ने ईमेल आईडी और इमरजेंसी फोन नंबर भी जारी किए हैं।
– ईमेल : cons.caracas@mea.gov.in
– इमरजेंसी हेल्पलाइन नंबर : +58-412-9584288(व्हाट्सएप कॉल के लिए भी उपयोग किया जा सकता है)
इन दोनों के जरिए लोग काराकस में भारतीय दूतावास में संपर्क कर सकते हैं।

शुक्रवार रात हुआ सैन्य ऑपरेशन
यह सलाह अमेरिका द्वारा वेनेजुएला की राजधानी काराकस में किए गए बड़े पैमाने के सैन्य अभियान के बाद आई है। इस ऑपरेशन में अमेरिकी सेना ने राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस को हिरासत में लिया और उन्हें देश से बाहर ले जाया गया। अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, दोनों पर नार्को-टेररिज्म और ड्रग तस्करी से जुड़े गंभीर आरोप हैं, जिनका सामना वे न्यूयॉर्क की अदालत में करेंगे। यह घटनाक्रम वेनेजुएला में राजनीतिक अस्थिरता को और बढ़ा सकता है, इसलिए भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह एडवाइजरी जारी की गई है। स्थिति पर नजर रखें और आवश्यकता पड़ने पर तुरंत दूतावास से संपर्क करें।

ये भी पढ़े : इंदौर में कांग्रेस के कई बड़े नेता गिरफ्तार, पुलिस ने गाड़ी में भरकर पहुंचाया जेल

Leave a Reply