साउथ अफ्रीका पहली बार महिला वनडे विश्व कप के फाइनल में मारी एंट्री
सेमीफाइनल में इंग्लैंड को 125 रन से हराया
फाइनल में साउथ अफ्रीका का सामना भारत या ऑस्ट्रेलिया से हो सकता है
एजेंसी, गुवाहाटी| साउथ अफ्रीका ने महिला विश्व कप के फाइनल में पहुंचकर इतिहास रच दिया. गुवाहाटी में खेले पहले सेमीफाइनल मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने कप्तान लॉरा वोलवार्ट के शानदार शतक के बाद मारिजेन कैप की तूफानी गेंदबाजी से दक्षिण अफ्रीका ने सेमीफाइनल में इंग्लैंड को 125 रन से हराकर पहली बार आईसीसी महिला वनडे विश्व कप के फाइनल में जगह बनाई. दक्षिण अफ्रीका के 320 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की टीम कैप (20/5) के करियर की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी के सामने 42.3 ओवर में 194 रन पर ढेर हो गई. नेदिन डि क्लर्क ने भी 24 रन देकर दो विकेट चटकाए. वोलवार्ट को उनकी शानदार शतकीय पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया. कप्तान नैट स्काइवर ब्रंट (64) और एलिस कैप्सी (50) ने अर्धशक जड़ने के अलावा चौथे विकेट के लिए 105 रन भी जोड़े लेकिन इंग्लैंड को लक्ष्य के करीब भी नहीं ले जा सके. दक्षिण अफ्रीका ने इससे पहले वोलवार्ट की 143 गेंद में 17 चौकों और तीन छक्कों से 169 रन की तेजतर्रार पारी के अलावा ताजमिन ब्रिट्स (65 गेंद पर 45 रन) के साथ पहले विकेट के लिए उनकी 116 और कैप (33 गेंद पर 42 रन) के साथ चौथे विकेट के लिए 72 रन की साझेदारी से सात विकेट पर 319 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया.


