यूपी-एमपी, बंगाल समेत इन 12 राज्यों में कल से शुरू होगा एसआईआर, आज रात से फ्रीज हो जाएगी वोटर लिस्ट

देश/प्रदेश नई दिल्ली राष्ट्रीय

एजेंसी, नई दिल्ली। चुनाव आयोग ने देशभर में मतदाता सूची पुनरीक्षण यानी एसआईआर का एलान कर दिया है। सोमवार शाम को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने इसकी घोषणा की। एसआईआर की शुरुआत पहले उन राज्यों से होगी, जहां अगले कुछ समय में चुनाव होने हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि बिहार में एसआईआर की तैयारी के आधार पर चयनित राज्यों में एसआईआर की शुरुआत की जाएगी। उन्होंने कहा कि एक पोलिंग बूथ पर 1000 वोटर होंगे। एसआईआर का दूसरा चरण 12 राज्यों व केंद्रशासित प्रदेश में शुरू होगा। इसमें अंडमान निकोबार द्वीपसमूह, छत्तीसगढ़, गोवा, गुजरात, केरल, लक्षद्वीप, मध्य प्रदेश, पुड्डचेरी, राजस्थान, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल शामिल हैं।

एसआईआर का क्या है शेड्यूल?
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि एसआईआर के दूसरे फेज की प्रक्रिया कल से शुरू होगी। प्रिटिंग और ट्रेनिंग का काम 28 अक्टूबर 2025 से 3 नवंबर 2025 तक चलेगा। 4 नवंबर 2025 से 4 दिसंबर 2025 तक घर-घर जाकर मतदाताओं की जानकारी जुटाई जाएगी। वहीं 9 दिसंबर 2025 को मतदाता सूची का ड्राफ्ट पेश किया जाएगा। बता दें कि बिहार में मतदाता सूची के एसआईआर का कार्य पहले ही पूरा हो चुका है। वहां लगभग 7.42 करोड़ नामों वाली अंतिम सूची 30 सितंबर को प्रकाशित कर दी गई थी। बिहार में छह और 11 नवंबर को दो चरणों में मतदान होगा और नतीजे 14 नवंबर को आएंगे।

एसआईआर वाले राज्यों में विधानसभा चुनाव कब?
चुनाव आयोग ने जिन 12 राज्यों में एसआईआर का एलान किया है, उनमें विधानसभा चुनाव अगले 3 साल में होने हैं। पश्चिम बंगाल, केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव 2026 में, गोवा, गुजरात, उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 में और छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, राजस्थान में विधानसभा चुनाव 2028 में हैं। अंडमान निकोबार व लक्षद्वीप केंद्रशासित प्रदेश हैं।

Leave a Reply