एजेंसी, इंदौर। दीपावली की रात हुई आतिशबाजी और पटाखों के धुएं के कारण प्रदूषण वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) इंदौर में उच्च स्तर पर पहुंचा। रीगल क्षेत्र में सोमवार रात तीन बजे से मंगलवार अल सुबह चार बजे तक प्रदूषण ‘खतरनाक’ स्तर 500 पर रहा। यही स्थिति एयरपोर्ट क्षेत्र में भी रही, जहां सात घंटे तक वायु गुणवत्ता सूचकांक का स्तर 500 रहा। रात में कुछ समय के लिए वायु प्रदूषण स्तर की यह स्थिति शहरवासियों के स्वास्थ्य के लिए इमरजेंसी अलर्ट की तरह ही थी। रेसीडेंसी क्षेत्र में रात 12 से दो बजे तक प्रदूषण उच्च स्तर पर पहुंचा। शहर के इन तीन इलाकों के मुकाबले रीजनल पार्क क्षेत्र में ज्यादा हरित क्षेत्र व कम आबादी होने के कारण प्रदूषण स्तर कम रहा। इस क्षेत्र में प्रदूषण का उच्चतम स्तर 395 तक पहुंचा, जो खतरनाक श्रेणी में है। इस तरह की स्थिति आम लोगों के स्वास्थ्य के लिए आपातकालीन स्थिति मानी जाती है। यानी वायु गुणवत्ता सूचकांक की खतरनाक श्रेणी के दौरान घर से बाहर निकलने वाले लोगों को खांसी, श्वसन संबंधी बीमारी होने का खतरा ज्यादा रहता है।
औसत एक्यूआई 154 रहा
मप्र प्रदूषण कंट्रोल निगम द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक शहर में सोमवार का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक स्तर 154 रहा। इसके अलावा पिछले तीन वर्षों के मुकाबले शहर में इस बार दीपावली पर वायु गुणवत्ता सूचकांक का स्तर कम रहा। विजयनगर व रीगल क्षेत्र में पिछले वर्ष के मुकाबले इस बार भले प्रदूषण का स्तर कम दर्ज किया गया, लेकिन महूनाका क्षेत्र में इस बार पिछले साल के मुकाबले प्रदूषण अधिक रहा।
यह है वायु गुणवत्ता सूचकांक की स्थितियां औसत स्तर प्रदूषण स्तर चिंता का स्तर लोगों पर प्रभाव
1) 0-50 अच्छा ग्रीन संतोषजनक स्थिति, कोई रिस्क नहीं51-100 संतोषजनक पीला वायु गुणवत्ता स्तर स्वीकार्य, कुछ लोगों को रिस्क
2) 101-150 मध्यम नारंगी संवेदनशील लोगों के स्वास्थ्य पर प्रभाव
3) 151-200 खराब लाल कुछ लोगों पर सामान्य व संवेदनशील लोगों पर गंभीर प्रभाव
4) 201-300 बेहद खराब बैंगनी हेल्थ अलर्ट : प्रत्येक व्यक्ति का स्वास्थ्य प्रभावित होने का रिस्क
5) 301 से अधिक खतरनाक मरून (गहरा भूरा लाल) स्वास्थ्य के लिए इमरजेंसी की स्थिति, सभी लोग प्रभावित होंगे
दीपावली पर प्रदेश के सर्वाधिक प्रदूषण वाले शहरशहर और वायु गुणवत्ता सूचकांक
1) रतलाम 256
2) पीथमपुर 245
3) ग्वालियर 211
4) सागर 210
5) नरसिंहपुर 208
6) भोपाल 205
7) इंदौर 154
8) जबलपुर 150
9) देवास 125


