एजेंसी, मध्य प्रदेश। मध्य प्रदेश के हजारों किसान शनिवार को सीएम हाउस पहुंचे… मौका था किसान आभार सम्मेलन का। सीएम मोहन यादव ने मंच से ही किसान मोर्चा का स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र और एमपी की भाजपा सरकार में किसानों के हित में शुरू की गई योजनाओं का जिक्र किया। वहीं बिजली, पानी की व्यवस्था, सिंचाई रकबा, फसलों पर मिलने वाली एमएसपी को लेकर कांग्रेस पर जमकर लताड़ा। यहां तक कि कांग्रेस के खिलाफ बोलते हुए उन्होंने उसे ‘नालायक कांग्रेस’ तक कह दिया। हालांकि बाद में बात संभालते हुए उन्होंने कहा कि क्या करें मुंह से निकल जाता है… कांग्रेस के कर्म ही ऐसे हैं।
लिया पूर्व मुख्यमंत्रियों का नाम
इस दौरान प्रदेशके मुखिया मोहन यादव ने भाजपा सरकार में अब तक प्रदेश के मुख्यमंत्री रह चुके राजनेताओं का नाम लेकर किसानों के हित में उनके द्वारा किए गए कार्यों की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि उमा भारती, बाबूलाल गौर और शिवराज सिंह चौहान को याद करते हुए कहा कि ये प्रदेश के वो मुख्यमंत्री हैं, जो प्रदेश के किसानों को तरक्की की ओर ले गए।
5 साल में 100 लाख हेक्टेयर सिंचाई रकबा लाने का ऐलान
सीएम मोहन यादव ने कांग्रेस पर वार करते हुए कहा कि कांग्रेस ने प्रदेश के लिए 55 साल में जो नहीं किया वो हमारी भाजपा सरकार ने किया। 20 साल में किसानों का रकबा बढ़कर 44 लाख हेक्टेयर हो गया। वहीं अब 5 साल में इस सिंचाई रकबे को 100 लाख हेक्टेयर तक किया जाएगा। ये किसानों के लिए भाजपा का संकल्प है।


