शिक्षक दिवस पर सीएम मोहन यादव का ऐलान : मध्य प्रदेश में शिक्षकों को चौथे वेतनमान का लाभ, 1.50 लाख टीचरों को मिलेगा लाभ

देश/प्रदेश प्रादेशिक भोपाल मध्‍य प्रदेश

एजेंसी, भोपाल| मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशभर के शिक्षकों के लिए एक बड़ा और महत्वपूर्ण ऐलान किया है. उन्होंने ऐलान किया है कि प्रदेश के 1 लाख 50 हजार शिक्षकों को अब चौथा वेतनमान दिया जाएगा. मोहन सरकार के इस फैसले से 117 करोड़ रुपए का अतिरिक्त भार आएगा. सीएम मोहन यादव ने कहा कि हमारी सरकार शिक्षकों के लिए हमेशा बेहतर काम करेगी. दरअसल, मुख्यमंत्री मोहन यादव ने यह घोषणा भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह के दौरान की. सीएम मोहन ने कहा कि इस संबंध में जल्द ही कैबिनेट में प्रस्ताव लाया जाएगा. इसे सत्र 2024-26 से लागू भी कर दिया जाएगा. मध्य प्रदेश सरकार के इस फैसले से उन शिक्षकों को लाभ मिलेगा, जिनकी सेवा के 35 साल पूरे हो चुके हैं.

शिक्षकों में खुशी की लहर

जानकारी के मुताबिक, चतुर्थ श्रेणी वेतनमान का लाभ अब तक केवल शिक्षा विभाग के अधिकारियों को ही मिल रहा था. इसकी मांग शिक्षक भी लंबे समय से कर रहे थे. सीएम मोहन के ऐलान के बाद से उन शिक्षकों में खुशी की लहर है. जो इसकी मांग लंबे समय से कर रहे थे.

1.50 लाख शिक्षकों को मिलेगा लाभ

मोहन सरकार के इस निर्णय का लाभ प्रदेश भर के करीब 1 लाख 50 हजार शिक्षकों को होगा. इसके तहत शैक्षणिक संवर्ग के सहायक शिक्षक, उच्च शिक्षक तथा नवीन शैक्षणिक संवर्ग के प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षकों को चतुर्थ कार्यमान वेतनमान प्रदान किया जाएगा. वर्तमान में इसका लाभ उन शिक्षकों को ही मिलेगा, जिनने कार्यकाल के 35 वर्ष 1 जुलाई 2023 तक पूरे हो चुके हैं.

शिक्षक सम्मान समारोह

बता दें कि सीएम मोहन ने यह ऐलान आज शिक्षक दिवस के मौके पर भोपाल में आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह के दौरान किया. उन्होंने कहा कि हजारों वर्ष पुरानी परंपरा में ‘विश्वगुरु’ भारत ने सदैव “जियो और जीने दो” का संदेश दिया. रोबोट और एआई के इस आधुनिक काल में भी मानवता की शिक्षा और संस्कार केवल गुरु ही दे सकते हैं. गुरु के महत्व को समझाते हुए सीएम मोहन ने कहा- वेदों में कहा गया है कि ध्यान का आधार का गुरु का स्वरुप, पूजा का आधार गुरु के चरण, मंत्र का आधार गुरु के वचन और मोक्ष का आधार गुरु की कृपा है. निश्चित ही गुरु की महिमा अपरंपार है. राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शिक्षक दिवस पर भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह में श्रेष्ठ कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित भी किया.

55 लाख बच्चों को यूनिफॉर्म के लिए 330 करोड़ रुपये

शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में सीएम ने सरकारी स्कूल में पढ़ने वाले 55 लाख बच्चों के अभिभावकों के खातों में 330 करोड़ रुपये हस्तांतरित किए. ये पैसे बच्चों को दो जोड़ी यूनिफॉर्म खरीदने के लिए दिए गए हैं. बता दें कि 7 साल पहले तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने यूनिफॉर्म वितरण का काम महिला स्व सहायता समूहों द्वारा मप्र राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के जरिए कराए जाने का निर्णय लिया था. तब से सरकारी स्कूलों के बच्चों की यूनिफॉर्म सिलने का काम स्व सहायता समूह की महिलाओं के पास था. लेकिन कई बार बच्चों को शैक्षणिक सत्र खत्म होने के बाद यूनिफॉर्म मिलती थी, इसलिए मुख्यमंत्री ने यूनिफॉर्म की राशि बच्चों के खातों में भेजी है. सीएम ने कहा कि इससे एक लाख 50 हजार शिक्षक लाभान्वित होंगे. वहीं अगली कैबिनेट में इस प्रस्ताव को लाकर जल्द ही सरकारी शिक्षकों को साल 2025-26 से इसका लाभ दिया जाएगा. इससे सरकार पर भी 117 करोड़ रुपये का भार आएगा.

शिक्षकों को दो से 5 हजार रुपये तक मिलेगा लाभ

मध्य प्रदेश शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष क्षत्रवीर सिंह राठौर ने बताया “प्रथम नियुक्ति दिनांक से 1 जुलाई 2023 तक जिनकी सेवा 35 वर्ष पूरी हो चुकी है, भले ही वे सेवानिवृत्त हो गए हैं, ऐसे सभी सहायक शिक्षक, उच्च श्रेणी शिक्षक, प्रधानाध्यापक, प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षकों को चतुर्थ क्रमोन्नति समयमान वेतनमान का लाभ दिया जाएगा. चतुर्थ क्रमोन्नत समयमान वेतनमान का लाभ 1 जुलाई 2023 से दिया जाएगा.” हालांकि सीधी भर्ती के लेक्चरर, सहायक संचालक और प्रिंसिपल को पहले से ही लाभ मिल रहा है. अब अन्य शिक्षकों को भी यह लाभ मिल सकेगा. इससे सर्विस पीरियड के आधार पर हर शिक्षक को 2 से 5 हजार रुपये का हर महीने लाभ मिलेगा.

मध्य प्रदेश के 14 उत्कृष्ट शिक्षकों का सम्मान

मुख्यमंत्री ने प्रदेश के चयनित 14 उत्कृष्ट शिक्षकों को राज्य स्तरीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया. इन शिक्षकों को 25 हजार रुपये की सम्मान निधि के साथ शॉल, श्रीफल और प्रशस्ति पत्र दिए गए. इसके साथ ही पिछले वर्ष राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित दो शिक्षिक को भी सम्मानित किया गया. इन दोनों शिक्षकों को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सम्मानित कर चुकी हैं. सीएम ने शिक्षक दिवस पर दोनों शिक्षिक को 5-5 हजार रुपये की सम्मान निधि, शाल, श्रीफल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया.

राज्य स्तरीय सम्मान पाने वाले शिक्षक

जितेंद्र शर्मा, प्राथमिक शाला बिसोनिया, गुना
दिलीप जायसवाल, उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक -2, शाजापुर
दिलीप कटरे, ईपीईएस स्कूल, भाटीवाड़ा, सिवनी
श्रीकांत कुर्मी, प्राथमिक स्कूल बसिया, दमोह
श्रद्धा गुप्ता, उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रुस्तमपुर, खंडवा
मोहन सिंह गौड़, शासकीय माध्यमिक स्कूल, दमोह
अपूर्व शर्मा, माध्यमिक शाला चंदेसरा, उज्जैन
धनराज वाणी, शासकीय माध्यमिक शाला अलीराजपुर
राधा शर्मा, उत्कृष्ष्ट विद्यालय बाग, धार
डॉ. नरेंद्र कुमार उरमलिया, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जबलपुर
महेंद्र कुमार लोधी, संभागीय ज्ञानोदय स्कूल, सागर
विनीता ओझा, उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रतलाम
डॉ. सरिता शर्मा, शासकीय हाई स्कूल राजगढ़
सौरभ कुमार शर्मा, शासकीय माडल स्कूल बालाघाट

राष्ट्रपति पुरस्कार करने वालों दो शिक्षकों का सम्मान

सुनीता गोधा, उच्च श्रेणी शिक्षक, हाई स्कूल खजूरिया सारंग, मंदसौर
माधव प्रसाद पटेल, शासकीय माध्यमिक शाला लिधौरा, दमोह

Leave a Reply