‘जो भारत में नहीं जन्मा, उसे वोट का अधिकार नहीं’, एसआईआर पर अमित शाह का जवाब, राहुल-लालू पर जमकर साधा निशाना

देश/प्रदेश नई दिल्ली बिहार राष्ट्रीय

एजेंसी, सीतामढ़ी। शाह ने साफ तौर पर कहा कि राहुल गांधी को ये वोट बैंक की राजनीति बंद करनी चाहिए और एसआईआर, ये पहली बार नहीं हो रहा है। इसकी शुरुआत जवाहरलाल नेहरू ने की थी और 2003 में भी यही हुआ था। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को चुनाव आयोग द्वारा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर चल रहे राजनीतिक विवाद को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा कटाक्ष करते हुए कहा कि विपक्षी दल बहाने ढूंढ रहे हैं क्योंकि उन्होंने आगामी राज्य विधानसभा चुनावों में अपनी हार स्वीकार कर ली है। एसआईआर को लेकर हुंकार भरते हुए शाह ने कहा कि लालू प्रसाद यादव किसे बचाना चाहते हैं? क्या आप उन बांग्लादेशियों को बचाना चाहते हैं जो बाहर से आकर बिहार के लोगों की नौकरियाँ छीन लेते हैं? शाह ने साफ तौर पर कहा कि राहुल गांधी को ये वोट बैंक की राजनीति बंद करनी चाहिए और एसआईआर, ये पहली बार नहीं हो रहा है। इसकी शुरुआत जवाहरलाल नेहरू ने की थी और 2003 में भी यही हुआ था… बिहार चुनाव हारने के बाद ये बहाने ढूँढ रहे हैं। शाह ने वहां मौजूद लोगों से पूछा कि बिहार विधानसभा चुनाव से पहले घुसपैठियों के नाम वोटर लिस्ट से हटाए जाने चाहिए या नहीं? भारत का संविधान उन लोगों को वोट देने का अधिकार नहीं देता जो भारत में पैदा नहीं हुए। राहुल गांधी संविधान लेकर घूम रहे हैं, उन्हें भी इसे खोलकर पढ़ना चाहिए। एसआईआर, ये इसलिए विरोध कर रहे हैं क्योंकि घुसपैठिए इनका वोट बैंक हैं।

अमित शाह ने कहा कि बिहार में बहुमत से एनडीए की सरकार बनेगी। उन्होंने सवाल करते हुए कहा कि मैं तेजस्वी यादव से पूछना चाहता हूँ, उनके पिता और माता लंबे समय तक सत्ता में रहे। गुंडागर्दी, गैंग चलाने, अपहरण करने, फिरौती मांगने के अलावा आपने मिथिलांचल के विकास के लिए क्या किया है? शाह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी और लालू संसद में ऑपरेशन सिंदूर का विरोध कर रहे हैं…लालू एंड कंपनी को पता नहीं है कि ये नरेंद्र मोदी की सरकार है, एनडीए की सरकार है। देश की सुरक्षा से खिलवाड़ करने का किसी को हक नहीं है। उन्होंने कहा कि मोदी जी ने वैश्विक मंच पर मिथिला की कला को हमेशा आगे बढ़ाने का काम किया। उन्होंने अर्जेंटीना की उपराष्ट्रपति को मधुबनी पेंटिंग भेंट की और दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति को भी मिथिलांचल की कला का नमूना देकर विदेश में मिथिला की कला का गौरव बढ़ाया है। माँ जानकी की जन्मस्थली पर जो यह भव्य मंदिर बनने जा रहा है, यह केवल एक मंदिर नहीं, बल्कि मिथिलांचल के भाग्योदय की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि मिथिला, वाल्मीकि रामायण से लेकर महाभारत और बौद्ध व जैन साहित्य तक – हमारी संस्कृति का केंद्र रहा है। धर्मशास्त्र, साहित्य, संगीत, भाषा और तंत्रज्ञान का यह एक बहुत बड़ा केंद्र रहा है।

अमित शाह ने सीतामढ़ी में रखी जानकी मंदिर के पुनर्विकास की आधारशिला, सीएम नीतीश भी रहे मौजूद

एजेंसी, सीतामढ़ी। गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को बिहार के सीतामढ़ी ज़िले के पुनौराधाम में जानकी मंदिर के पुनर्विकास की आधारशिला रखी। पुनौराधाम को माता सीता का जन्मस्थान माना जाता है। इस परियोजना के शिलान्यास समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, कई केंद्रीय मंत्री और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी शामिल हुए। इस परियोजना की कुल लागत 882.87 करोड़ रुपये से अधिक है। एक अधिकारी ने बताया कि शाह ने मंदिर के पुनर्विकास के लिए भूमि पूजन किया। इसके अलावा शाह ने सीतामढी-दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई और जानकी मंदिर के डिजाइन का अनावरण किया। राज्य मंत्रिमंडल ने एक जुलाई को मंदिर परिसर के एकीकृत विकास के लिए 882.87 करोड़ रुपये की मंजूरी दी थी। अधिकारी ने बताया कि कुल राशि में से 137 करोड़ रुपये पुराने मंदिर और उसके परिसर के विकास पर खर्च किए जायेंगे, जबकि 728 करोड़ रुपये पर्यटन संबंधी गतिविधियों पर खर्च किए जायेंगे।

इसके अलावा, 10 वर्षों तक व्यापक रखरखाव पर 16 करोड़ रुपये खर्च किए जायेंगे। बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम (बीएसटीडीसी) इस परियोजना का क्रियान्वयन करेगा। राज्य सरकार ने हाल ही में मंदिर के निर्माण और पुनर्विकास के लिए मुख्य सचिव की अध्यक्षता में नौ सदस्यीय ट्रस्ट का गठन किया है। भाजपा की बिहार इकाई के प्रवक्ता नीरज कुमार ने पहले ‘एक न्यूज एजेंसी’ को बताया था, ‘श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र, अयोध्या की तर्ज पर इसका व्यापक विकास किया जाएगा।” उन्होंने आगे कहा कि बड़ी संख्या में तीर्थयात्री पुनौराधाम आते हैं। राज्य मंत्रिमंडल ने परियोजना के लिए डिजाइन सलाहकार के रूप में नोएडा स्थित एक कंपनी की नियुक्ति को भी मंजूरी दी है। यह कंपनी राम जन्मभूमि न्यास के लिए मास्टर प्लानिंग और वास्तुकला सेवाओं में लगी हुई थी।

राम मंदिर के बाद अब माता सीता के भव्य मंदिर का होगा निर्माण, 882 करोड़ की लागत से होगा तैयार, अमित शाह ने भूमि पूजन से पहले साझा की भावनात्मक पोस्ट

बिहार के सीतामढ़ी में पुनौरा धाम में माता सीता के भव्य मंदिर का शिलान्यास समारोह आज अत्यंत भव्यता के साथ आयोजित होगा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह माता सीता की पवित्र जन्मस्थली पर इस मंदिर और इसके परिसर के समग्र विकास की आधारशिला रखेंगे। इस अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी संतों के साथ उपस्थित रहेंगे, जिससे इस आयोजन की गरिमा और बढ़ जाएगी। यह मंदिर न केवल बिहार, बल्कि पूरे भारत के लिए आस्था का एक प्रमुख केंद्र बनने की ओर अग्रसर है।

मंदिर निर्माण 11 महीनों में होगा पूर्ण
पुनौरा धाम हिंदुओं के लिए एक अत्यंत पवित्र तीर्थ स्थल है। 67 एकड़ में फैले इस मंदिर परिसर को केवल 11 महीनों में तैयार करने का लक्ष्य है। बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम इसकी निगरानी करेगा, और शिलान्यास के तुरंत बाद निर्माण कार्य तेजी से शुरू होगा।

श्रद्धालुओं के लिए क्या सुविधाएं होंगी?
मंदिर परिसर में 151 फीट ऊंचा मुख्य मंदिर होगा। इसके अलावा, तीर्थयात्रियों के लिए सुविधा केंद्र, ऑडिटोरियम, अतिथि गृह, माता जानकी कुंड घाट, भंडारा स्थल, प्रवेश द्वार, यज्ञ मंडप, अनुष्ठान मंडप, पर्यटक सुविधा केंद्र, और टेंसाइल छतरी बनाई जाएगी। साथ ही, ई-कार्ट स्टेशन, प्रसाद भोग और रसोईघर, संग्रहालय, भजन संध्या स्थल, मिथिला हाट, वेद पाठशाला, पुस्तकालय, कैफेटेरिया, फूड कोर्ट, यात्री डॉरमेट्री, मंदिर मार्ग, और पार्किंग की सुविधा होगी। माता जानकी कुंड का सौंदर्यीकरण भी इस परियोजना का हिस्सा है।

अमित शाह ने क्या कहा?
अमित शाह आज सीतामढ़ी से दिल्ली के लिए अमृत भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए स्वीकृत किया था। शाह ने गुरुवार को सोशल मीडिया मंच X पर लिखा, “कल का दिन पूरे देश, विशेषकर मिथिलांचल के लिए अत्यंत सौभाग्यशाली होगा, जब सीतामढ़ी में माता सीता की जन्मभूमि पर पुनौरा धाम मंदिर और इसके परिसर के समग्र विकास की आधारशिला रखी जाएगी।” उन्होंने आगे कहा, “श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कनेक्टिविटी बढ़ाने हेतु प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने सीतामढ़ी-दिल्ली अमृत भारत ट्रेन को मंजूरी दी है, जिसका शुभारंभ कल होगा।”

Leave a Reply