एजेंसी, रायपुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में शुक्रवार को सुरक्षाबलों के समक्ष कुल 87 लाख 50 हजार रुपये के इनामी 24 हार्डकोर नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर समाज की मुख्यधारा में लौटने का ऐतिहासिक निर्णय लिया। इनमें से 20 नक्सलियों पर 50,000 से लेकर 10 लाख रुपए तक के इनाम घोषित थे। सरकार की प्रभावी आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति – 2025 और ‘नियद नेल्ला नार योजना’ के सकारात्मक परिणाम अब सामने आने लगे हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने एक्स पर ट्वीट कर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में मार्च 2026 तक देश-प्रदेश से लाल आतंक का समूल नाश निश्चित है। यह आत्मसमर्पण उसी निर्णायक यात्रा की एक कड़ी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब नक्सली भी समझ चुके हैं कि हिंसा का रास्ता अंतहीन विनाश की ओर ले जाता है। अब नक्सली उग्रवाद की राह छोड़कर समाज की मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं। हम इन आत्मसमर्पित साथियों के पुनर्वास और पुनरुत्थान के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध हैं।
झारखंडः सुरक्षाबलों को मिली बड़ी कामयाबी, 10 लाख के इनामी पप्पू लोहरा समेत दो नक्सली ढेर
रांची/लातेहार। झारखंड के लातेहार जिले में शनिवार सुबह सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में ‘झारखंड जन मुक्ति परिषद’ (जेजेएमपी) के शीर्ष नेता पप्पू लोहरा समेत दो नक्सली मारे गए। पप्पू पर 10 लाख रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि माओवादी समूह जेजेएमपी का प्रमुख लोहरा और उसका एक अन्य सहयोगी लातेहार पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक जंगल में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और झारखंड पुलिस के नक्सल रोधी संयुक्त अभियान के दौरान मारे गए। पलामू के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) वाई एस रमेश ने कहा, ‘‘सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में दो माओवादी मारे गए। पुलिस ने उनके शव बरामद कर लिए हैं।’’ उन्होंने बताया कि लोहरा और उसके साथियों के जंगल में होने की सूचना मिलने पर लातेहार के पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव के नेतृत्व में सुरक्षाकर्मियों की एक टीम ने तलाश अभियान शुरू किया। पुलिस ने कहा, ‘‘जैसे ही माओवादियों ने सुरक्षाकर्मियों को देखा, उन्होंने उन पर निशाना साधते हुए गोलीबारी की जिसके बाद सुरक्षाबलों के कर्मियों ने भी जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ में लोहरा और जेजेएमपी का एक अन्य सदस्य प्रभात गंझू मारा गया।’’ इस बीच, रांची में सूत्रों ने बताया कि समूह का एक और सदस्य घायल हुआ है जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है तथा उसके पास से एक इंसास राइफल बरामद की गई है।


