एजेंसी, चेन्नई| बीजेपी और एआईएडीएमके मिलकर तमिलनाडु विधानसभा चुनाव लड़ेगी. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को यह ऐलान किया है. अमित शाह ने कहा “एआईएडीएमके और बीजेपी नेताओं ने फैसला किया है कि एआईएडीएम के, बीजेपी और सभी गठबंधन दल तमिलनाडु में आगामी विधानसभा चुनाव एनडीए के रूप में एक साथ लड़ेंगे.” शाह ने यह भी कहा कि “यह चुनाव राष्ट्रीय स्तर पर पीएम मोदी के नेतृत्व में और राज्य स्तर परएआईएडीएमके नेता एडप्पादी के पलानीस्वामी के नेतृत्व में लड़े जाएंगे.”
अमित शाह औरएआईएडीएमके नेताओं की बैठक
शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और एआईएडीएमके नेता पलानीसामी के बीच बैठक हुई. इस बैठक में दोनों दलों ने गठबंधन के तहत चुनाव लड़ने पर रजामंदी दी. अमित शाह ने बैठक के बाद कहा कि दोनों दलों ने मिलकर ये तय किया है कि आने वाला तमिलनाडु विधानसभा का चुनाव एनडीए के तहत लड़ा जाएगा.
प्रचंड बहुमत से होगी एनडीए की जीत- शाह
अमित शाह ने शुक्रवार को कहा कि तमिलनाडु में आगामी विधानसभा चुनाव में एनडीए प्रचंड बहुमत से जीत हासिल करेगा. उन्होंने दावा किया कि एक बार फिर तमिलनाडु में एनडीए की सरकार बनेगी. शाह ने कहा कि राज्य की जनता द्रमुक के घोटालों पर जवाब मांग रही है. लोग चुनाव में मूल मुद्दों पर वोट देंगे. उन्होंने यह भी कहा कि हम भिन्न मतों पर बैठकर चर्चा करेंगे. जरुरत पड़ने पर न्यूनतम साझा कार्यक्रम भी बनाया जाएगा.
एआईएडीएमके बहुत कमजोर पार्टी- कार्ति चिदंबरम
बीजेपी-एआईएडीएमके गठबंधन पर कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम ने कहा “वे स्वतंत्र राजनीतिक दल हैं. वे घोषणा करने और निर्णय लेने के लिए स्वतंत्र हैं. एआईएडीएमके एक समय बीजेपी के साथ थी. फिर उन्हें लगा कि भाजपा एक बोझ है जो उन्हें तमिलनाडु में नीचे खींच रही है. इसलिए, उन्होंने गठबंधन तोड़ दिया. वे अब फिर से गठबंधन में आ गए हैं. लेकिन आज एआईएडीएमके एक बहुत ही कमजोर पार्टी है. एक समय था जब लोग गठबंधन करने के लिए एआईएडीएमके के पास जाते थे, अब यह बदल गया है और एआईएडीएमके को गठबंधन करने के लिए दिल्ली आना पड़ता है.”


