जम्मू। जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले के सुंदरबनी सेक्टर में बुधवार को अज्ञात हमलावरों ने सेना के वाहन पर गोलीबारी कर दी। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, सुंदरबनी के फुल गांव में दोपहर करीब 1 बजे सेना के गश्ती वाहन पर तीन से चार राउंड फायरिंग की गई।
सेना और पुलिस ने घेराबंदी कर शुरू किया तलाशी अभियान
गोलीबारी के तुरंत बाद सेना और पुलिस की संयुक्त टीम ने पूरे इलाके में तलाशी अभियान शुरू कर दिया। अभी तक इस हमले में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। सुरक्षा एजेंसियां हमले के पीछे के कारणों और हमलावरों की पहचान में जुटी हैं।
पहले भी होते रहे हैं हमले
इससे पहले भी सुंदरबनी क्षेत्र में आतंकी हमले हो चुके हैं। 7 फरवरी को भारतीय सेना ने पाकिस्तान के 7 घुसपैठियों को मार गिराया था। आतंकियों द्वारा घात लगाकर हमले की यह कोई पहली घटना नहीं है, लेकिन हर बार भारतीय सेना ने उनका मुंहतोड़ जवाब दिया है। फिलहाल, इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और तलाशी अभियान जारी है।


